मध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री साय आज दिल्ली दौरे पर, राज्योत्सव के दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रहेगी धूम

दुर्ग-दिल्ली के बीच आज चलेगी एक फेरे की विशेष ट्रेन; महासमुंद और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में भी जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव के दूसरे दिन आज कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम होंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दिल्ली दौरे पर रहेंगे, वहीं नवा रायपुर में राज्योत्सव के मंच पर नाट्य प्रस्तुति और संगीत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा महासमुंद और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में जिला स्तरीय समारोह होंगे। दूसरी ओर, त्योहारों के मद्देनजर रेलवे दुर्ग से दिल्ली के बीच आज एक फेरे की विशेष ट्रेन चलाएगा।

मुख्यमंत्री साय का दिल्ली दौरा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दिल्ली जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे सुबह 9 बजे स्वामी विवेकानंद विमानतल पहुंचेंगे और 9:45 बजे इंडिगो की उड़ान से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। दोपहर 11:50 बजे दिल्ली पहुंचने के बाद वे कार से छत्तीसगढ़ सदन जाएंगे। यहां केंद्रीय नेतृत्व से उनकी मुलाकात प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री दिल्ली में ही रात्रि विश्राम करेंगे।

राज्योत्सव के दूसरे दिन सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव के दूसरे दिन राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। विधायक राजेश मूणत, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, सुनील सोनी, अनुज शर्मा और इंद्र कुमार साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

शाम 6 बजे ‘मैं अयोध्या हूं’ नाट्य प्रस्तुति का मंचन होगा। इसके बाद शाम 7 बजे रायपुर के कलाकार सुनील सोनी संगीत प्रस्तुति देंगे। रात 8 बजे बॉलीवुड पार्श्व गायिका स्वास्ति मेहुल अपनी गायकी प्रस्तुत करेंगी।

वहीं, शिल्पग्राम में दोपहर 3 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे। यहां लोकसंगीत, ओडिसी, कथक, पंडवानी और सुआ नृत्य सहित कुल 11 प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी।

दुर्ग से दिल्ली के लिए आज रवाना होगी विशेष ट्रेन

त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने दुर्ग से दिल्ली जंक्शन के बीच एक फेरे की विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 08795 आज 2 नवंबर को सुबह 11 बजे दुर्ग से रवाना होगी। यह ट्रेन रायपुर, उसलापुर, शहडोल, कटनी मुड़वारा, सागर, झांसी, ग्वालियर, आगरा कैंट और मथुरा होते हुए अगले दिन सुबह 8:30 बजे दिल्ली जंक्शन पहुंचेगी।

इस ट्रेन में कुल 18 कोच होंगे। इनमें 14 एसी थर्ड इकोनॉमी, एक एसी सेकंड, एक स्लीपर और दो पावर कार शामिल हैं।

अहिवारा विधायक के निधन से दुर्ग का राज्योत्सव स्थगित

अहिवारा विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा के निधन के बाद दुर्ग में आज आयोजित होने वाला जिला स्तरीय राज्योत्सव कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। यह आयोजन दुर्ग कलेक्ट्रेट में प्रस्तावित था, जिसमें विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होनी थीं।

महासमुंद में शाम 4 बजे से जिला स्तरीय समारोह

राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर महासमुंद जिला मुख्यालय में आज 2 नवंबर को जिला स्तरीय राज्योत्सव आयोजित किया जाएगा। ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ की थीम पर होने वाला यह समारोह शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य महाविद्यालय परिसर स्थित मिनी स्टेडियम में शाम 4 बजे से शुरू होगा। राज्योत्सव के अवसर पर जिले के शासकीय भवनों को 1 से 3 नवंबर तक रोशनी से सजाया जा रहा है।

पेण्ड्रारोड में लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन गुरुकुल मैदान, पेण्ड्रारोड में किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह होंगे। समारोह में छत्तीसगढ़ की गायिका छाया चंद्राकर की टीम ‘लोक छाया’ सांस्कृतिक प्रस्तुति देगी।

कार्यक्रम की शुरुआत शाम 4 बजे स्कूली विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों से होगी। इसके बाद स्थानीय कलाकार शैला, सुआ, डंडा, करमा और बार नृत्य प्रस्तुत करेंगे। शाम 7 से 8 बजे तक मंचीय कार्यक्रम आयोजित होगा, जबकि रात 8 बजे से लोक छाया की प्रस्तुति होगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!