लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहा विपक्ष : अमर अग्रवाल

बोले- जनता ही लोकतंत्र में सर्वोपरि, विपक्ष अपनी हार के कारणों पर आत्ममंथन करे; प्रबुद्धजनों की नागरिक संगोष्ठी में केंद्र सरकार की नीतियों और विकसित भारत के संकल्प पर रखे विचार
बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // भारतीय जनता पार्टी बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र द्वारा लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ विषय पर प्रबुद्धजनों की नागरिक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। पंडित देवकीनंदन दीक्षित सभागृह, लाल बहादुर शास्त्री शाला में आयोजित इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक अमर अग्रवाल ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में कुछ मुट्ठीभर ताकतें अराजकता फैलाने में जुटी हैं। इन ताकतों को न तो संवैधानिक संस्थाओं पर भरोसा है और न ही न्यायालय, संविधान एवं संसद पर। यहां तक कि मीडिया को भी संदेह के दायरे में लाने का प्रयास किया जा रहा है।
अग्रवाल ने कहा कि विपक्ष को जनता ने क्यों नकारा है, इस पर उसे गंभीरता से विचार करना चाहिए। अपनी हार के कारणों का विश्लेषण करने के बजाय देश में भ्रम और अराजकता का वातावरण बनाने की कोशिश करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत की रगों में लोकतंत्र की भावना कूट-कूटकर भरी हुई है। देश में विपक्ष की भूमिका सरकार की नीतियों और गलतियों की आलोचना करना है, लेकिन इसके लिए विधानसभा, लोकसभा और न्यायालय जैसे लोकतांत्रिक मंच उपलब्ध हैं। लोकतंत्र में मिली स्वतंत्रता का दुरुपयोग कर व्यवस्था को बदनाम करना देशहित में नहीं है।
पूर्व मंत्री ने आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि देश ने वह दौर भी देखा है, जब लोकतंत्र का दमन किया गया और नागरिकों के अधिकारों को कुचला गया। आपातकाल के बाद हुए चुनाव में जनता ने अपना फैसला सुनाया और सरकार बदल दी। यही भारतीय लोकतंत्र की वास्तविक ताकत है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अंतिम निर्णय जनता का होता है और जनता जिसे चाहेगी, उसे सत्ता की जिम्मेदारी सौंपेगी।
भारत के गौरवशाली इतिहास और विकसित राष्ट्र बनने की यात्रा पर रखे विचार
अग्रवाल ने भारत के ऐतिहासिक वैभव का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारा देश कभी विश्व में आदर्श और समृद्ध राष्ट्र के रूप में जाना जाता था। विदेशी आक्रमणकारी भारत की संपन्नता और वैभव को देखकर यहां लूटपाट करने आते थे। सोमनाथ मंदिर पर आक्रमण और देश की सदियों की पराधीनता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि विदेशी आक्रमणों ने भारत के पुरुषार्थ और सामर्थ्य को कमजोर करने का प्रयास किया।
उन्होंने शेर के बच्चे का उदाहरण देते हुए कहा कि परिस्थितियों के कारण वह सियारों के बीच रहकर स्वयं को भी वैसा ही समझने लगा था, लेकिन शेर का सानिध्य मिलते ही उसे अपनी वास्तविक शक्ति का अहसास हुआ। इसी तरह भारत ने भी अपनी सामर्थ्य को पहचाना है और आज विश्व में अपनी अलग पहचान स्थापित कर रहा है।
उन्होंने वर्ष 1991 में देश का सोना गिरवी रखे जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2014 के बाद भारत को एक लक्ष्य और नई दिशा मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ाने के लिए नई नीतियां तैयार की गईं। उन्होंने दावा किया कि भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था में 14वें स्थान से आगे बढ़कर चौथे स्थान पर पहुंचा है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसकी प्राप्ति के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है।

अग्रवाल ने कहा कि आज भारत आत्मनिर्भरता, सुरक्षा और सामरिक क्षमता के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। ऑपरेशन सिंदूर ने पूरी दुनिया को भारत की सैन्य शक्ति और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि देश आज एक सक्षम नेतृत्व के हाथों में सुरक्षित है और सभी नागरिकों को विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
सर्जिकल और एयर स्ट्राइक के प्रमाण मांगने पर विपक्ष को घेरा
विधायक अग्रवाल ने कहा कि विपक्ष के कुछ नेता सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक के प्रमाण मांगते हैं, जबकि पूरी दुनिया भारत की सैन्य क्षमता देख चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष चुनावों में लगातार हार के बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है।
उन्होंने केरल और तमिलनाडु का उल्लेख करते हुए कहा कि जिन राज्यों में विपक्षी दलों की सरकारें हैं, वहां भी ईवीएम को स्वीकार किया गया है। ऐसे में चुनावी हार के बाद लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल उठाना उचित नहीं है। उन्होंने संगोष्ठी में उपस्थित प्रबुद्धजनों से अपील की कि वे देश में भ्रम और अराजकता फैलाने वाली गतिविधियों से सतर्क रहें। अग्रवाल ने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही सर्वोपरि है और उसका निर्णय सभी को स्वीकार करना चाहिए।
दीपक सिंह ठाकुर ने भी विपक्ष पर साधा निशाना
कार्यक्रम के प्रारंभ में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर ने संगोष्ठी के आयोजन की जानकारी देते हुए कहा कि विपक्षी दल विभिन्न मुद्दों पर भ्रम फैलाकर देश के विकास को अवरुद्ध करना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष को लोकतंत्र, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं पर विश्वास नहीं है। उन्होंने नागरिकों से ऐसी गतिविधियों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला उपाध्यक्ष अजीत सिंह भोगल ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन मध्य मंडल अध्यक्ष देवेंद्र पाठक ने किया।
इस अवसर पर महापौर पूजा विधानी, सभापति विनोद सोनी, केके शर्मा, दुर्गेश पाण्डेय, लक्ष्मीनारायण कश्यप, शैलेन्द्र यादव, राकेश लालवानी, मनोज सोनी, वैभव गुप्ता, प्रदीप शुक्ला, विजय ताम्रकार, राजेश मिश्रा, प्रबीर सेन गुप्ता, योगेश बोले, आशीष गुप्ता, अरुणा दीक्षित, रंगा नादम, शिवप्रताप साव, दिनेश देवांगन, अंचल दुबे, सोनम साहू सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



