रायपुर संभाग

चक्रवाती तूफान अर्नब का असर होगा कमजोर, छत्तीसगढ़ में आज भी बारिश के आसार

रायपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में बरस सकते हैं बादल, उत्तर छत्तीसगढ़ में गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी; कमजोर पड़ने लगा मौसम तंत्र

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में पिछले दो दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश और बादलों की आवाजाही बनी हुई है। हालांकि, अब इस मौसमी तंत्र के कमजोर पड़ने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, तूफान का अवशेष दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे लगे दक्षिण ओडिशा के ऊपर अवदाब के रूप में सक्रिय है। इसके आगे बढ़ने के साथ ही कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील होने की संभावना है। इससे प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आ सकती है।

गुरुवार को अर्नब के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर तेज वर्षा हुई। तापमान में भी गिरावट का असर देखने को मिला। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रहा।

रायपुर में आज भी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज रायपुर सहित छत्तीसगढ़ के अनेक स्थानों पर बारिश हो सकती है। उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की आशंका भी जताई गई है।

राजधानी रायपुर में आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा। शहर में एक-दो बार बारिश अथवा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। यहां अधिकतम तापमान लगभग 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

इन इलाकों में हुई सबसे ज्यादा बारिश

वर्षा के आंकड़ों के अनुसार, सुकमा, कोंटा, नेरहरपुर और पिथौरा में सर्वाधिक 7 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं तोकापाल, दोरनापाल, बड़ेराजपुर, केशकाल, छिंदगढ़, कांकेर, कुकरेल, बलरामपुर, नगरी, बसना, सरोना, कटेकल्याण, बेलरगांव, राजिम, कुसमी, धमतरी, अमलीपदर, प्रेमनगर, देवभोग, मैनपुर, फरसगांव, गादीरास और बागबाहरा में 5 से 6 सेंटीमीटर तक वर्षा हुई।

इसके अलावा माकड़ी, चारामा, सरायपाली, राजनांदगांव, पलारी, पेंड्रा रोड, मुकडेगा, करपावंड, लोहांडीगुड़ा, गुरुर, नानगुर, पथरिया, रायपुर, धनोरा, बलौदा, अर्जुन्दा, हसौद, छुरा और गरियाबंद में करीब 4 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। प्रदेश के कुछ अन्य स्थानों पर इससे कम वर्षा हुई।

उत्तर दिशा में बढ़ रहा अवदाब, जल्द पड़ेगा कमजोर

मौसम विभाग के अनुसार, अवदाब लगभग 18 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर दिशा की ओर आगे बढ़ रहा है। गुरुवार सुबह 8:30 बजे इसका केंद्र जगदलपुर से करीब 40 किलोमीटर उत्तर-उत्तर-पश्चिम में स्थित था।

इसके लगातार उत्तर दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। अनुमान है कि 30 अक्टूबर की सुबह तक यह कमजोर होकर उत्तरी छत्तीसगढ़ और उससे लगे उत्तर-पश्चिम ओडिशा के ऊपर कम दबाव के क्षेत्र में बदल जाएगा। इसके प्रभाव में कमी आने के साथ ही प्रदेश में बारिश का दौर भी धीरे-धीरे कमजोर पड़ सकता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!