छत्तीसगढ़ में आज सियासी सरगर्मी से लेकर खेल और हवाई रोमांच तक, CM साय के कार्यक्रम में जुटेंगे कई दिग्गज नेता

जेपी नड्डा दुर्ग में करेंगे जनसभा, शिवराज सिंह चौहान शाम को पहुंचेंगे रायपुर; सुधांशु त्रिवेदी की प्रेसवार्ता, सारंग हेलीकॉप्टरों की उड़ान और हॉकी लीग के मुकाबले भी आज
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में शुक्रवार, 30 अक्टूबर को राजनीतिक, सामाजिक और खेल गतिविधियों की हलचल बनी रहेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रायपुर और दुर्ग में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वहीं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा दुर्ग में जनसभा को संबोधित करेंगे, जबकि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान शाम को रायपुर पहुंचेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी भी राजधानी में रहेंगे और प्रेसवार्ता करेंगे।
इसके अलावा भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर टीम रायपुर के आसमान में उड़ान भरेगी। खराब मौसम के कारण स्थगित हुए हॉकी लीग के मुकाबले भी आज खेले जाएंगे। दूसरी ओर, एक नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित कांग्रेस की रैली में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ के कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता रवाना होंगे।
रायपुर और दुर्ग में कार्यक्रमों में शामिल होंगे मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शुक्रवार सुबह रायपुर के कृषि महाविद्यालय स्थित स्वामी विवेकानंद परिसर में आयोजित प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त वितरण और पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम सुबह 10:15 बजे से 11:30 बजे तक निर्धारित है।
इसके बाद मुख्यमंत्री दुर्ग के पुलगांव में आयोजित आमसभा और रैली में हिस्सा लेंगे। उनके दौरे को लेकर संबंधित कार्यक्रमों की तैयारियां की गई हैं।
जेपी नड्डा दुर्ग में करेंगे जनसभा
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा दोपहर करीब 1 बजे रायपुर पहुंचेंगे। विमानतल से वे सीधे मुख्यमंत्री निवास जाएंगे। इसके बाद दोपहर 3:15 बजे दुर्ग के लिए रवाना होंगे।
नड्डा दुर्ग की महेश कॉलोनी, पुलगांव में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। शाम 4 बजे वे जेआरडी स्कूल मैदान में भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने तैयारियां की हैं।
शिवराज सिंह चौहान शाम 7 बजे पहुंचेंगे रायपुर
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार शाम 7 बजे रायपुर पहुंचेंगे। शनिवार, 31 अक्टूबर को सुबह 10 बजे वे राष्ट्रीय जैविक तनाव प्रबंधन संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान खेत बचाओ अभियान और पौधरोपण से जुड़ी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
इसके बाद दोपहर 1:30 बजे चौहान नेताजी सुभाष स्टेडियम से तेलीबांधा मरीन ड्राइव तक आयोजित पदयात्रा में हिस्सा लेंगे। यह पदयात्रा भी भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान का हिस्सा है।
सुधांशु त्रिवेदी करेंगे प्रेसवार्ता
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी दोपहर करीब 1 बजे रायपुर पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे वे कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा कार्यालय जाएंगे, जहां प्रेसवार्ता को संबोधित करेंगे।
सारंग हेलीकॉप्टरों की उड़ान देख सकेंगे रायपुरवासी
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध सारंग हेलीकॉप्टर प्रदर्शन टीम शुक्रवार दोपहर रायपुर के आसमान में उड़ान भरेगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, हेलीकॉप्टर दोपहर 12:20 बजे से 12:45 बजे के बीच शहर के ऊपर से गुजरेंगे। शहरवासी अपने घरों की छतों से भी इस हवाई प्रदर्शन की झलक देख सकेंगे।
इसके बाद 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में सारंग टीम का विशेष एयर शो आयोजित किया जाएगा।
भाजयुमो के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भूपेंद्र नाग का आगमन
भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भूपेंद्र नाग भी शुक्रवार को छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे। उनके स्वागत के लिए रायपुर विमानतल पर कार्यकर्ताओं ने तैयारी की है। विमानतल से एकात्म परिसर तक बाइक रैली निकाली जाएगी। दोपहर 1:30 बजे प्रस्तावित इस रैली में भाजयुमो के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
तालाबों की सफाई के लिए ज्ञापन देगा बजरंग दल
गौरा-गौरी पर्व को देखते हुए बजरंग दल शुक्रवार दोपहर 12 बजे रायपुर नगर निगम में ज्ञापन सौंपेगा। संगठन की मांग है कि पर्व से पहले शहर के तालाबों की सफाई कराई जाए, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
दिल्ली की रैली के लिए रवाना होंगे कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली आयोजित की जाएगी। इसमें शामिल होने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण के अंतर्गत आने वाले 11 ब्लॉकों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शुक्रवार को दिल्ली रवाना होंगे।
रायपुर ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे के अनुसार, इस दल में पूर्व मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, पूर्व विधायक अनीता शर्मा, खनिज विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष गिरीश देवांगन, पूर्व जिला अध्यक्ष पंकज शर्मा और नारायण कुर्रे सहित कई नेता व कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेसजन दिल्ली में एकजुट होकर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के मुद्दे पर अपनी आवाज उठाएंगे।
खराब मौसम से स्थगित हॉकी मुकाबले आज होंगे
खराब मौसम और तेज हवाओं के कारण 29 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में प्रस्तावित हॉकी लीग के दो मुकाबले स्थगित कर दिए गए थे। अब ये दोनों मैच शुक्रवार को निर्धारित समय पर खेले जाएंगे। पहला मुकाबला शाम 5 बजे संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और मैनपाट टाइटन्स के बीच होगा, जबकि दूसरा मैच शाम 7 बजे चक्रधर चैंपियंस और बैलाडिला बुल्स के बीच खेला जाएगा।
लीग का फाइनल मुकाबला एक नवंबर को आयोजित होगा। अंक तालिका में न्यायधानी नाइट्स पांच मैचों में तीन जीत और दो ड्रॉ के साथ 11 अंक लेकर शीर्ष पर है और सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी है। मैनपाट टाइटन्स चार मैचों में दो जीत और दो ड्रॉ के साथ आठ अंक लेकर दूसरे स्थान पर है।
चक्रधर चैंपियंस सात अंकों के साथ तीसरे, बैलाडिला बुल्स पांच अंकों के साथ चौथे और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स चार अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है। राजधानी रॉयल्स अपने सभी पांच मुकाबले हारकर अंक तालिका में सबसे नीचे है।



