राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रायपुर पहुंचीं, CM साय ने किया स्वागत; आज जारी करेंगी 200 रुपये का स्मारक सिक्का

छत्तीसगढ़ में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का दो दिवसीय दौरा शुरू हो गया है। गुरुवार को रायपुर पहुंचने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति अपने प्रवास के दौरान रायपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी। शुक्रवार को वे बस्तर पहुंचकर मां दंतेश्वरी के दर्शन करेंगी और मुरिया दरबार के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी।
रायपुर ( शिखर दर्शन ) //
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के रायपुर पहुंचने पर राज्यपाल रमेन डेका, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मंत्री खुशवंत साहेब, राजेश अग्रवाल, ओपी चौधरी, श्याम बिहारी जायसवाल और सांसद विजय बघेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं।
पूज्य माता हासी देवी जी के सम्मान में जारी होगा स्मारक सिक्का
राष्ट्रपति गुरुवार दोपहर 12:45 बजे रायपुर स्थित लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। इस दौरान पूज्य माता हासी देवी जी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया जाएगा।
इसके बाद शाम 4 बजे राष्ट्रपति रायपुर के इंडोर स्टेडियम में नुआखाई पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। यहां सेवा सम्मान पर्व एवं युवा प्रबोधन कार्यक्रम में उनकी उपस्थिति निर्धारित है।
शुक्रवार को मां दंतेश्वरी के करेंगी दर्शन
राष्ट्रपति अपने दौरे के दूसरे दिन बस्तर जाएंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे सुबह 11 बजे जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद दोपहर 12:45 बजे मुरिया दरबार एवं बस्तर दशहरा के अवसर पर आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगी।
इस दौरान मांझी-चालकी समाज के प्रतिनिधियों के साथ संवाद का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। राष्ट्रपति का बस्तर दौरा क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपराओं और आदिवासी समाज के साथ संवाद के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
CM साय बोले—छत्तीसगढ़ के लिए सौभाग्य का विषय
राष्ट्रपति के आगमन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रपति का छत्तीसगढ़ आना प्रदेश के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने सभी की ओर से राष्ट्रपति का स्वागत और अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राष्ट्रपति पूज्य माता हासी देवी जी के सम्मान में 200 रुपये के स्मारक सिक्के का विमोचन करेंगी। इसके बाद वे बस्तर प्रवास पर जाएंगी और वहां आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया बस्तर दौरे का महत्व
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने राष्ट्रपति के बस्तर दौरे को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि पहले छत्तीसगढ़ के आदिवासी प्रतिनिधियों को राष्ट्रपति निवास में आमंत्रित किया गया था। वहां आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति ने उनका सम्मान किया और अपने हाथों से भोजन परोसा था।
विजय शर्मा के अनुसार, प्रतिनिधियों ने राष्ट्रपति से बस्तर आने का आग्रह किया था। उन्होंने माओवाद के खात्मे के बाद क्षेत्र में आने का निमंत्रण दिया था। इसी क्रम में राष्ट्रपति ने मुरिया दरबार में शामिल होने का निर्णय लिया था। अपने प्रवास के दौरान वे मांझी-चालकी समाज के प्रतिनिधियों से संवाद करेंगी।
मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जताई खुशी
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने राष्ट्रपति के आगमन पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का छत्तीसगढ़ आना प्रदेश के लिए सौभाग्य का विषय है। उन्होंने बस्तर में माओवाद के प्रभाव में कमी और क्षेत्र में बदले हालात के बीच राष्ट्रपति के आगमन को खुशी का अवसर बताया।
राष्ट्रपति के दो दिवसीय प्रवास के दौरान रायपुर और बस्तर में आयोजित कार्यक्रमों पर प्रदेश की नजर रहेगी। विशेष रूप से बस्तर में मुरिया दरबार और आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों के साथ होने वाला संवाद महत्वपूर्ण रहेगा।



