छत्तीसगढ़ में रात के तापमान में गिरावट शुरू, अगले 5 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम? जानें अपने शहर का हाल

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है और ठंड की आहट महसूस होने लगी है। आसमान साफ होने के साथ ही रात में ठंडक बढ़ने लगी है। पिछले 24 घंटे के दौरान बिलासपुर में न्यूनतम तापमान में करीब 4 डिग्री और राजधानी रायपुर में 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
अगले 5 दिनों तक शुष्क रहेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है और मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रह सकता है। अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
आसमान साफ रहने से दिन में धूप के कारण गर्मी महसूस हो सकती है, जबकि रात और सुबह के समय हल्की ठंडक बढ़ने के आसार हैं।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में बुधवार को मौसम साफ रहने का अनुमान है। दिन के समय धूप निकलने से गर्मी का अहसास हो सकता है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, यहां अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
रायपुर प्रदेश में सबसे गर्म, अंबिकापुर में सबसे कम तापमान
बीते दिनों राजधानी रायपुर प्रदेश के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहा। मंगलवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। जगदलपुर को छोड़कर अन्य क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है।
दो दिन बाद रात में बढ़ेगी ठंडक
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे रात के समय ठंडक बढ़ने का एहसास होगा।
फिलहाल प्रदेश के किसी भी हिस्से के लिए मौसम विभाग ने कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है। हालांकि, सुबह और देर रात बाहर निकलने वाले लोगों को तापमान में होने वाले बदलाव पर ध्यान देने की जरूरत है।
बंगाल की खाड़ी में मौसमी गतिविधियां जारी
मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी और तमिलनाडु तट के आसपास चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से बुधवार को संबंधित क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र विकसित होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा एक द्रोणिका भी सक्रिय है।
इन मौसमी गतिविधियों के बावजूद छत्तीसगढ़ में फिलहाल मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में होने वाली गिरावट से प्रदेश में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ सकता है।



