CM मोहन यादव का आज भोपाल में व्यस्त कार्यक्रम, 938 आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति; दुर्गा विसर्जन से बदलेगा ट्रैफिक रूट

भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्यप्रदेश में बुधवार, 21 अक्टूबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के शासकीय कार्यक्रमों, स्कूल शिक्षा विभाग में अनुकंपा नियुक्तियों और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां तेज रहेंगी। मुख्यमंत्री 938 पात्र आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। वहीं, भोपाल में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन और चल समारोह के मद्देनजर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी आज ग्वालियर दौरे पर रहेंगे।
मुख्यमंत्री मोहन यादव का आज का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को भोपाल में कई शासकीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसके बाद शाम को मुंबई के लिए रवाना होने का कार्यक्रम है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री सुबह 8:30 बजे लाल परेड मैदान में पुलिस स्मृति दिवस परेड समारोह में शामिल होकर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि देंगे। दोपहर 12 बजे रविंद्र भवन में स्कूल शिक्षा विभाग के पात्र अभ्यर्थियों को अनुकंपा नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे।
इसके बाद दोपहर 1:30 बजे मंत्रालय में खनिज विभाग की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। शाम 4:40 बजे एम्स में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होने के बाद रात 8:15 बजे मुंबई के लिए रवाना होंगे।
स्कूल शिक्षा विभाग के 938 आश्रितों को मिलेगी अनुकंपा नियुक्ति
स्कूल शिक्षा विभाग के दिवंगत कर्मचारियों के पात्र आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति देने की प्रक्रिया के तहत बुधवार को 938 अभ्यर्थियों को नियुक्ति आदेश दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविंद्र भवन में आयोजित कार्यक्रम में नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। साथ ही नवनियुक्त कर्मचारियों के ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत भी करेंगे।
विभाग के अनुसार, नियुक्ति पाने वालों में 655 सहायक ग्रेड-3, 26 प्राथमिक शिक्षक और 257 भृत्य शामिल हैं। विभाग ने पिछले कई वर्षों से लंबित नियुक्ति प्रकरणों के निराकरण के लिए विशेष प्रक्रिया अपनाई थी। अधिकारियों के परीक्षण के बाद इन 938 प्रकरणों का निराकरण किया गया है।
जीतू पटवारी आज ग्वालियर दौरे पर
मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी बुधवार को ग्वालियर जिले के दौरे पर रहेंगे। वे शीतला माता मंदिर के समीप हुए हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त करेंगे। इसके बाद अस्पताल पहुंचकर हादसे में घायल लोगों का हालचाल जानेंगे और उनके उपचार की जानकारी लेंगे।
भोपाल में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की तैयारियां पूरी
राजधानी भोपाल में दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। प्रेमपुरा, कमलापति, बैरागढ़ और हथाईखेड़ा सहित सात प्रमुख घाटों पर सुबह 9 बजे से विसर्जन शुरू होने का कार्यक्रम है। यह प्रक्रिया अगले तीन दिनों तक चलने की संभावना है। इस दौरान शहर में 7 हजार से अधिक प्रतिमाओं के विसर्जन का अनुमान है।
व्यवस्था बनाए रखने के लिए घाटों पर क्रेन, नाव, बैरिकेडिंग और गोताखोरों की तैनाती की गई है। सुरक्षा, सफाई और यातायात प्रबंधन के लिए करीब 5 हजार अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं, रात 8 बजे भारत टॉकीज से कमलापति घाट तक चल समारोह निकाला जाएगा।
दुर्गा विसर्जन के चलते बदलेगा यातायात, भारी वाहनों पर प्रतिबंध
दुर्गा प्रतिमा विसर्जन और चल समारोह को देखते हुए भोपाल में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। जारी जानकारी के अनुसार, सुबह 8 बजे से अगले दिन सुबह 8 बजे तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को बायपास मार्ग से निकाला जाएगा।
शाम 5 बजे से भारत टॉकीज, अल्पना, नादरा बस स्टैंड और भोपाल टॉकीज मार्ग पर सिटी बसों, ऑटो और चार पहिया वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इसके अलावा रॉयल मार्केट से पीरगेट, पॉलिटेक्निक से कमला पार्क और करबला से रेतघाट मार्ग पर भी चल समारोह के दौरान यातायात बंद रहेगा।
बैरागढ़ में विसर्जन के कारण लालघाटी, एयरपोर्ट और इंदौर रोड पर भी डायवर्जन लागू रहेगा। इंदौर, सीहोर, ग्वालियर और गुना की ओर से आने वाली यात्री बसों के हलालपुर बस स्टैंड तक ही आने की व्यवस्था बताई गई है।
यातायात संबंधी सहायता के लिए जारी हेल्पलाइन नंबर 0755-2677340 पर संपर्क किया जा सकता है। वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले निर्धारित मार्गों और यातायात प्रतिबंधों की जानकारी लेकर ही यात्रा करें।



