गरबा रील पर विवाद: सिगरेट और पिस्टलनुमा वस्तु के प्रदर्शन के मामले में 9 गिरफ्तार
टिकट और मेकअप के प्रचार के लिए बनाया गया था वीडियो, सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने दर्ज किया अपराध

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में गरबा की वेशभूषा में सिगरेट पीने और पिस्टलनुमा वस्तु प्रदर्शित करने वाली रील सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच की और 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सभी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है।
प्रचार के लिए बनाई गई थी रील :
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो गरबा टिकट और मेकअप के प्रचार-प्रसार के लिए बनाया गया था। इसमें कुछ युवतियां गरबा की पारंपरिक वेशभूषा में सिगरेट पीती और पिस्टलनुमा वस्तु लहराती दिखाई दे रही हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और इस पर कार्रवाई की मांग उठने लगी।
BNS की धाराओं में मामला दर्ज :
एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। वीडियो में दिखाई देने वाले लोगों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया। इसके बाद सिविल लाइन थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, 299 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है। उन्हें भविष्य में ऐसी गतिविधियों से रोकने के लिए बाउंड ओवर की प्रक्रिया जारी है।
धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को लेकर पुलिस की चेतावनी :
बिलासपुर पुलिस ने कहा है कि धार्मिक और सांस्कृतिक प्रतीकों के आपत्तिजनक प्रदर्शन तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने के मामलों पर नजर रखी जा रही है। ऐसे मामलों में कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। 
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर कोई भी सामग्री पोस्ट करने से पहले उसकी प्रकृति और संभावित प्रभाव पर विचार करें। वायरल रील के मामले में हुई कार्रवाई के बाद यह मुद्दा चर्चा में है।



