दुर्गा पूजा से पहले तोरवा पुलिस का वारंटियों पर शिकंजा, 2 महिलाओं समेत 11 गिरफ्तार
लंबे समय से फरार आरोपियों की धरपकड़, 2 स्थायी वारंटियों को भी पकड़ा; सभी को न्यायालय में किया पेश

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // दुर्गा पूजा के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने वारंटियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में तोरवा पुलिस ने 9 अक्टूबर को अभियान चलाकर दो स्थायी वारंटियों सहित 11 लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों में दो महिलाएं भी शामिल हैं।
वारंटों की तामिली के लिए चलाया विशेष अभियान
पुलिस के अनुसार, तोरवा थाना क्षेत्र में विभिन्न मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों की तलाश की जा रही थी। न्यायालय से जारी स्थायी वारंट और गिरफ्तारी वारंट की तामिली के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इसी दौरान पुलिस ने पतासाजी कर 11 वारंटियों को गिरफ्तार किया।
कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर न्यायालय में पेश किया गया।
इन 11 लोगों को किया गया गिरफ्तार
पुलिस की कार्रवाई में पावर हाउस चौक निवासी मजीद खान (48), देवरीखुर्द निवासी कृष्ण कुमार यादव (32), निखिल दुबे उर्फ शुभम दुबे (21), तोरवा निवासी अनवर शेख उर्फ बच्चा कबाड़ी (20), पंप हाउस के पास रहने वाले विष्णु ध्रुव (35), देवरीखुर्द निवासी सीबू सोनकर (28) और अभिषेक सोनकर (29) को गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा सिरगिट्टी निवासी सोनू उर्फ नाजीर खान (22), बुधवारी बाजार स्थित आरपीएफ कॉलोनी निवासी राहुल सोनकर, देवरीखुर्द निवासी कुमोदनी दुबे (45) और काली मंदिर के पास रहने वाली आशिनी ध्रुव (25) को भी पकड़ा गया।
दो आरोपियों के खिलाफ स्थायी वारंट
पुलिस के मुताबिक, मजीद खान और कृष्ण कुमार यादव के खिलाफ स्थायी वारंट जारी थे। मजीद खान के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी लंबित था, जबकि विष्णु ध्रुव के खिलाफ दो गिरफ्तारी वारंट थे। अन्य आरोपियों के खिलाफ जारी गिरफ्तारी वारंटों की तामिली की गई।
दुर्गा पूजा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सख्त
दुर्गा पूजा के दौरान पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ और विभिन्न धार्मिक आयोजनों को देखते हुए पुलिस क्षेत्र में निगरानी बढ़ा रही है। इसी क्रम में वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया गया।
पुलिस का कहना है कि त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए निगरानी जारी रहेगी। कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर नजर रखते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



