तेलीबांधा चौक का नाम नहीं बदलेगा, CM साय ने अटकलों पर लगाया विराम; 38 स्थानों के विकास की घोषणा

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // तेलीबांधा चौक का नाम बदलने की चल रही चर्चाओं पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। उन्होंने कहा कि चौक का मूल नाम नहीं बदला जाएगा और तेलीबांधा चौक पहले की तरह ही रहेगा। उन्होंने लोगों से इस संबंध में किसी तरह की गलतफहमी नहीं रखने की अपील की।
‘सेवा ज्योति संकल्प’ के तहत होगा विकास
पुलिस परेड ग्राउंड में पत्रकारों से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 38 स्थानों को ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित करने की घोषणा की गई है। इसमें रायपुर का तेलीबांधा चौक भी शामिल है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इसका उद्देश्य चौक का विकास करना है, नाम बदलना नहीं। तेलीबांधा चौक को ‘सेवा ज्योति संकल्प’ की भावना के अनुरूप विकसित किया जाएगा और इसका मौजूदा नाम यथावत रहेगा।
दुर्ग में आज ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि वे दुर्ग में आयोजित ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी की जाएगी। उन्होंने प्रदेश की माताओं-बहनों को शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान दुर्ग जिले को विभिन्न विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की सौगात भी मिलेगी।
धर्मांतरण पर भी सख्त कार्रवाई की बात
धर्मांतरण के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अवैध धर्मांतरण रोकने के लिए कठोर कानून है। उन्होंने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


