सेवा ज्योति कलश यात्रा को सफल बनाने भाजपा ने कसी कमर, कार्यकर्ताओं को दी समय और अनुशासन की जिम्मेदारी
7 अक्टूबर को बहतराई खेल परिसर में जुटेंगे कार्यकर्ता, प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन के बाद निकलेगी कलश यात्रा

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रस्तावित सेवा ज्योति कलश यात्रा को सफल बनाने भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में जिला कार्यसमिति की बैठक में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम की रूपरेखा, समय-सारिणी और जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई। बैठक में अधिक से अधिक आमजनों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
भारतीय जनता पार्टी जिला बिलासपुर शहर की जिला कार्यसमिति की बैठक जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में नगर विधायक अमर अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को 7 अक्टूबर को होने वाली सेवा ज्योति कलश यात्रा को पूरी एकजुटता और अनुशासन के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।
सुबह 9 बजे तक बहतराई खेल परिसर पहुंचने के निर्देश
अमर अग्रवाल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अब तक आयोजित कार्यक्रमों को कार्यकर्ताओं ने एकजुटता और सहभागिता के साथ सफल बनाया है। इसी क्रम में 7 अक्टूबर को आयोजित सेवा ज्योति कलश यात्रा को भी व्यापक सहभागिता के साथ सफल बनाना है।
उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं का सुबह 9 बजे तक बहतराई स्थित खेल परिसर में निर्धारित मंचीय कार्यक्रम स्थल पर पहुंचना जरूरी है। यहां सुबह 10 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन होगा। इसके बाद प्रधानमंत्री द्वारा मशाल प्रज्ज्वलित की जाएगी और फिर अतिथियों द्वारा मशाल प्रज्ज्वलन के बाद कलश यात्रा शुरू होगी।
एक किलोमीटर तक निकलेगी यात्रा
कलश यात्रा करीब एक किलोमीटर तक निकाली जाएगी। यात्रा में सबसे आगे रथ रहेगा, उसके पीछे मशाल लेकर एक कार्यकर्ता चलेगा। अन्य कार्यकर्ता भाजपा के झंडे और प्लेकार्ड लेकर शामिल होंगे। अमर अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं से यात्रा के दौरान अनुशासन और उत्साह बनाए रखने की अपील की।
उन्होंने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और जनसेवा की भावना से किए गए कार्यों का जनता पर व्यापक प्रभाव पड़ता है। यह कलश यात्रा बूथ स्तर से मंडल और मंडल से निर्धारित कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेगी।
मंडल अध्यक्षों को तैयारी पूरी करने के निर्देश
अमर अग्रवाल ने मंडल अध्यक्षों और महामंत्रियों से उपलब्ध दो दिनों के समय में सभी तैयारियां पूरी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में आमजनों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि अभियान का संदेश व्यापक स्तर तक पहुंचे।
सभी समाज की सहभागिता पर जोर
क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज और देश को नई दिशा देने के लिए जनजागरण की जरूरत है। उन्होंने संत रविदास जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाली कलश यात्रा में सभी समाजों की सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।
विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं को जुटने का आह्वान
बैठक की शुरुआत करते हुए जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर ने कहा कि पार्टी के सभी पदाधिकारी और मोर्चा अध्यक्ष सामूहिक रूप से कलश यात्रा को सफल बनाने में जुट जाएं। उन्होंने बिलासपुर, बिल्हा और तखतपुर विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं से अभी से तैयारियों में लगने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान संत रविदास जी की जन्मस्थली से लाई गई कलश का विधानसभा क्षेत्रवार वितरण भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री प्रदीप कौशिक ने किया, जबकि जिला उपाध्यक्ष अजीत सिंह भोगल ने आभार व्यक्त किया।
बैठक में भाजपा प्रदेश मंत्री हर्षिता पाण्डेय सहित पार्टी, मोर्चा और प्रकोष्ठ के विभिन्न पदाधिकारी मौजूद रहे।


