CG Morning News: सिंगापुर रवाना होंगे CM साय, BJP की अहम बैठक आज; 6 एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में शनिवार का दिन राजनीतिक, औद्योगिक, सामाजिक और खेल गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज सिंगापुर दौरे के लिए रवाना होंगे। वहीं भाजपा के नवनियुक्त संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह पहली बार बड़े संगठनात्मक दौरे पर रायपुर पहुंचेंगे। इसके अलावा अग्रसेन जयंती महोत्सव का आयोजन शुरू होगा और राज्य के खिलाड़ियों का चयन शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
सिंगापुर दौरे पर जाएंगे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज सिंगापुर के लिए रवाना होंगे। उनका यह दौरा 6 अक्टूबर तक प्रस्तावित है। इस दौरान मुख्यमंत्री सिंगापुर के विभिन्न उद्योग समूहों और संभावित निवेशकों से मुलाकात करेंगे।
बैठकों में छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं, उपलब्ध संसाधनों और औद्योगिक क्षेत्र में मौजूद अवसरों को लेकर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री राज्य में उद्योगों के लिए उपलब्ध संभावनाओं और निवेश के अवसरों को निवेशकों के सामने रखेंगे।
भाजपा संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह का रायपुर दौरा
छत्तीसगढ़ भाजपा के नवनियुक्त संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह आज रायपुर पहुंचेंगे। संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी संभालने के बाद राजधानी में यह उनका पहला बड़ा संगठनात्मक दौरा होगा।
कर्मवीर सिंह की मौजूदगी में रविवार को सुबह 11 बजे कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में अहम संगठनात्मक बैठक होगी। इसमें प्रदेश भाजपा के पदाधिकारी, सभी जिलाध्यक्ष और संभाग प्रभारी शामिल होंगे।
बैठक में पार्टी के मौजूदा संगठनात्मक कार्यक्रमों और गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। ‘सेवा संकल्प अभियान’ सहित अन्य संगठनात्मक गतिविधियों पर भी चर्चा होगी। बैठक में निवर्तमान संगठन महामंत्री पवन साय भी मौजूद रहेंगे। सांसदों और विधायकों के साथ अलग बैठक होने की भी संभावना है।
आज से दो दिवसीय अग्रसेन जयंती महोत्सव
अग्रवाल समाज की परंपरा, विरासत और भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 3 और 4 अक्टूबर को श्रीअग्रसेन जयंती महोत्सव 2026 का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम रिंग रोड नंबर-3 स्थित रोजबे रिसॉर्ट में होगा।
महोत्सव में बच्चों और युवाओं के लिए विभिन्न सांस्कृतिक, रचनात्मक और बौद्धिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। आयोजकों ने समाज के लोगों से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 6 एक्सप्रेस ट्रेनें रहेंगी रद्द
रेलवे के नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 6 एक्सप्रेस ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ेगा। हैदराबाद-रक्सौल, तिरुपति-रक्सौल और वास्को डी गामा-जसीडीह एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों के फेरे अलग-अलग तारीखों में रद्द किए गए हैं।
रेलवे के अनुसार 7 से 17 दिसंबर के बीच अलग-अलग तारीखों में ये ट्रेनें रद्द रहेंगी। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में ट्रैक बदलने का काम प्रस्तावित है।
इससे पहले टाटानगर-नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी एक्सप्रेस, नांदेड़-संतरागाछी एक्सप्रेस और पुणे-संतरागाछी हमसफर एक्सप्रेस के निर्धारित फेरों को भी 24 नवंबर से 15 जनवरी 2027 तक रद्द किया गया है।
राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा के लिए 13 खिलाड़ियों का चयन
बलौदाबाजार ( शिखर दर्शन ) //
26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन बलौदाबाजार जिला मुख्यालय में 3 से 6 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। प्रतियोगिता के लिए नेटबॉल के 19 वर्ष बालक और बालिका वर्ग में रायपुर जोन का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों का चयन किया गया है।
19 वर्ष बालक वर्ग में निखिल साहू, वीरेंद्र साहू, चंद्रप्रकाश, शाहिल दिवाकर, प्रकाश साहू, धानेन्द्र पंसारी और शौर्य साहू का चयन हुआ है। वहीं बालिका वर्ग में ट्विंकल साहू, योगिता साहू, चंचल रजक, कीर्ति साहू, फूल केवरा और अफ्शा बेगम को टीम में जगह मिली है।
सभी चयनित खिलाड़ी बलौदाबाजार में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रायपुर जोन का प्रतिनिधित्व करेंगे।


