रायपुर संभाग

सिंगापुर में छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाओं की गूंज, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे राज्य के प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई

3 से 6 अक्टूबर तक विदेश दौरा, SING फोरम में एमएसएमई, स्टार्टअप और रोजगारपरक क्षेत्रों पर रखेंगे राज्य का पक्ष

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ को सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026 के लिए चुना गया है। विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के नामांकन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 3 से 6 अक्टूबर 2026 तक सिंगापुर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे और 5 अक्टूबर को आयोजित होने वाले SING फोरम 2026 में शामिल होंगे।

सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन (SBF) की ओर से आयोजित यह फोरम पहली बार आयोजित किया जा रहा है। इसमें सिंगापुर और भारत के वरिष्ठ सरकारी प्रतिनिधियों के साथ उद्योग जगत के प्रमुख, निवेशक और उद्यमी शामिल होंगे। फोरम का उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और कारोबारी साझेदारी के अवसरों को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम में विभिन्न भारतीय राज्यों की आर्थिक प्राथमिकताओं और निवेश के अवसरों को भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।

एमएसएमई और स्टार्टअप की संभावनाओं पर रखेंगे छत्तीसगढ़ का पक्ष

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय फोरम में छत्तीसगढ़ में एमएसएमई, स्टार्टअप और रोजगारपरक क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं को सामने रखेंगे। इसके माध्यम से राज्य की उपलब्धियों और कारोबार के लिए मौजूद अवसरों को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

कौशल विकास और हरित विकास पर भी होगी चर्चा

सिंगापुर दौरे के दौरान छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल की ओर से विभिन्न संस्थानों के साथ बैठकें भी की जाएंगी। प्रतिनिधिमंडल सिंगापुर के स्किल सेंटर, मंडई वाइल्डलाइफ रिजर्व और गार्डन्स बाय द बे का दौरा करेगा।

इन बैठकों और दौरों में कौशल विकास, वन्यजीव संरक्षण, उद्यानिकी और हरित विकास से जुड़े क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि सिंगापुर यात्रा छत्तीसगढ़ को वैश्विक साझेदारों से जोड़ने और राज्य के विकास के लिए नए सहयोग के अवसर तलाशने का माध्यम बनेगी।

ये अधिकारी भी रहेंगे प्रतिनिधिमंडल में

मुख्यमंत्री के साथ राज्य के प्रतिनिधिमंडल में मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, सीएसआईडीसी के प्रबंध संचालक विश्वेश कुमार और मुख्यमंत्री के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (ओएसडी) उमेश अग्रवाल शामिल रहेंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!