दुर्ग संभाग

बिरयानी खाने निकले युवक को घेरकर हमला, चाकू-पत्थर से वार कर हत्या; पांच युवकों पर आरोप

दोस्तों के साथ बाइक से निकला था धन्ना, गाली-गलौज के बाद बिगड़ी बात; पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लिया

दुर्ग ( शिखर दर्शन ) // रक्षाबंधन की रात दुर्ग में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बिरयानी खाने निकले युवक पर पांच युवकों ने चाकू और पत्थर से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है।


घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान धन्ना चौधरी के रूप में हुई है। बताया गया कि धन्ना अपने दो दोस्तों के साथ बाइक से बिरयानी खाने के लिए निकला था। चंडी मंदिर के पास नयापारा मार्ग पर पीछे से आ रहे कुछ युवकों ने उन्हें गाली दी। इस पर धन्ना ने बाइक रोककर गाली देने की वजह पूछी।

गाली-गलौज के बाद शुरू हुई मारपीट

गाली देने की बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि दूसरे पक्ष के युवकों के पास चाकू और धारदार हथियार थे। इसी दौरान आरोपियों ने धन्ना पर चाकू और पत्थर से हमला कर दिया।

हमले में धन्ना गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। उसके दोनों दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों के हाथ में हथियार देखकर वे पीछे हट गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

ई-रिक्शा से अस्पताल पहुंचाया, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

धन्ना के सड़क पर घायल पड़े होने के बाद उसके दोस्तों ने किसी तरह ई-रिक्शा की मदद से उसे दुर्ग जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

सीसीटीवी से आरोपियों की तलाश

सिटी कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया है। वारदात की परिस्थितियों और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है। मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!