जूनापारा में ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचला, मौके पर मौत; हादसे के बाद चालक फरार

तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर के बाद बाइक को करीब 30 फीट तक घसीटता ले गया वाहन, मृतकों की पहचान में जुटी पुलिस
━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━
बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // बिलासपुर जिले में शनिवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक पर सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद ट्रक बाइक को करीब 30 फीट तक घसीटता ले गया, जिससे बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना तखतपुर थाना क्षेत्र की जूनापारा पुलिस चौकी के पास की है।
तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। जूनापारा के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद ट्रक बाइक को कुछ दूर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में तीनों युवकों को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
मौके पर पहुंची पुलिस, शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे
हादसे की सूचना मिलते ही जूनापारा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को हटाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई। इसके बाद तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की गई और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मर्चुरी भेजा गया।
मृतकों के पास तत्काल पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं मिला है। पुलिस आसपास के गांवों में संपर्क कर मृतकों की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज से ट्रक चालक की तलाश
पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मुख्य मार्गों और आसपास के ढाबों पर लगे कैमरों से भी ट्रक और उसके चालक की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि फरार ट्रक चालक की पहचान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।



