दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, चार युवक गंभीर

चेक पोस्ट के पास हुआ भीषण हादसा, दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त
कोरबा ( शिखर दर्शन ) // कोरबा-बालको मुख्य मार्ग पर चेक पोस्ट के समीप शनिवार को दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घायलों को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
एक बाइक पर सवार थे तीन युवक
जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर तीन युवक सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर एक युवक था। बताया जा रहा है कि तीनों युवक बालको स्थित अमर होटल में कर्मचारी हैं और काम खत्म करने के बाद बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान चेक पोस्ट के पास उनकी बाइक सामने से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई।
टक्कर के बाद चारों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल बालको पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से चारों घायलों को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्सकों के अनुसार, सभी घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने घायलों के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी है।
तेज रफ्तार को बताया हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे की प्रमुख वजह तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना बताई जा रही है। बालको मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण लगातार दुर्घटनाएं होने की बात भी सामने आई है।
पुलिस ने मौके से दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को जब्त कर लिया है। घायलों के बयान और हादसे की परिस्थितियों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने वाहन चालकों से तेज रफ्तार से बचने, हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।



