छत्तीसगढ़ में कक्षा 1 से 12वीं तक की तिमाही और अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं का टाइम टेबल जारी, 21 सितंबर से शुरू होंगी परीक्षाएं

लोक शिक्षा संचालनालय ने जारी किए निर्देश, हर जिले में बनेगी परीक्षा समिति, गोपनीय तरीके से तैयार होंगे प्रश्नपत्र, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के शासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। लोक शिक्षा संचालनालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 1 से 12वीं तक की तिमाही (Quarterly) और अर्द्धवार्षिक (Half-Yearly) परीक्षाओं का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके साथ ही पूरे प्रदेश में परीक्षा संचालन, प्रश्नपत्र निर्माण और मूल्यांकन प्रक्रिया में एकरूपता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक जिले में जिला परीक्षा समिति गठित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
लोक शिक्षा संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि सभी विद्यालयों में निर्धारित समय-सारणी के अनुसार ही परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
21 सितंबर से शुरू होंगी तिमाही परीक्षाएं
जारी कार्यक्रम के अनुसार तिमाही परीक्षाएं 21 सितंबर 2026 से 30 सितंबर 2026 तक आयोजित की जाएंगी।
वहीं अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं 1 दिसंबर 2026 से 11 दिसंबर 2026 तक संपन्न होंगी।
परीक्षा का समय भी तय
लोक शिक्षा संचालनालय ने सभी कक्षाओं के लिए परीक्षा का समय भी निर्धारित किया है।
- कक्षा 1 से 5 : सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक
- कक्षा 6 से 8 : सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक
- कक्षा 9 से 12 : दोपहर 1:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक
हर जिले में बनेगी जिला परीक्षा समिति
परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए प्रत्येक जिले में जिला परीक्षा समिति का गठन किया जाएगा।
समिति में—
- जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) अध्यक्ष होंगे।
- सहायक संचालक (प्रशासन) सदस्य सचिव होंगे।
- दो वरिष्ठ प्राचार्य सदस्य होंगे।
- नामांकित विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं संकुल समन्वयक/प्रधानपाठक को भी समिति में शामिल किया जाएगा।
समिति की होगी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
जिला परीक्षा समिति की जिम्मेदारियां भी तय कर दी गई हैं।
- विषय विशेषज्ञ शिक्षकों का पैनल तैयार करना।
- पाठ्यक्रम के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं गोपनीय प्रश्नपत्र तैयार कराना।
- प्रश्नपत्रों की गुणवत्ता का परीक्षण एवं प्रमाणीकरण।
- गोपनीय तरीके से प्रश्नपत्रों की छपाई और बंडलिंग।
- परीक्षा शुरू होने से दो दिन पहले विकासखंड एवं संकुल स्तर तक प्रश्नपत्र पहुंचाना।
- परीक्षा के दौरान नकल रोकने के लिए लगातार निरीक्षण करना।
- उत्तर पुस्तिकाओं का समयबद्ध मूल्यांकन एवं प्राप्तांकों का सुरक्षित संधारण सुनिश्चित करना।
प्राथमिक और माध्यमिक कक्षाओं की विषयवार परीक्षा तिथियां
कक्षा 1 से 5
- 21 सितंबर – हिन्दी
- 22 सितंबर – गणित
- 23 सितंबर – अंग्रेजी
- 24 सितंबर – पर्यावरण / अंग्रेजी
- 25 सितंबर – सामाजिक विज्ञान
कक्षा 6 से 8
- 21 सितंबर – हिन्दी
- 22 सितंबर – गणित
- 23 सितंबर – विज्ञान
- 24 सितंबर – अंग्रेजी
- 25 सितंबर – सामाजिक विज्ञान
- 26 सितंबर – संस्कृत
हाई और हायर सेकेंडरी की परीक्षाएं
कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए विषयवार परीक्षा कार्यक्रम भी जारी किया गया है। इसमें हिन्दी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, संस्कृत, भौतिक शास्त्र, रसायन शास्त्र, जीवविज्ञान, भूगोल, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान, व्यवसाय अध्ययन, लेखाशास्त्र, मनोविज्ञान, कम्प्यूटर एप्लीकेशन, कृषि, गृहविज्ञान, चित्रकला, इतिहास सहित विभिन्न व्यावसायिक विषयों की परीक्षाएं 21 से 30 सितंबर के बीच आयोजित की जाएंगी। इसी क्रम में अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं 1 से 11 दिसंबर तक निर्धारित समय-सारणी के अनुसार होंगी।
नकल रोकने पर रहेगा विशेष फोकस
लोक शिक्षा संचालनालय ने निर्देश दिए हैं कि परीक्षा अवधि के दौरान जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करेंगे। नकल रोकने, अनुशासन बनाए रखने तथा परीक्षा की गोपनीयता सुनिश्चित करने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी।
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
लोक शिक्षा संचालनालय ने सभी संयुक्त संचालकों, जिला शिक्षा अधिकारियों, विकासखंड शिक्षा अधिकारियों तथा संकुल प्रभारियों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा संचालन, प्रश्नपत्रों की गोपनीयता, मूल्यांकन अथवा अन्य किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।



