रायपुर संभाग

पुरानी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला, चाकू से ताबड़तोड़ वार, एक आरोपी गिरफ्तार

धमतरी ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुरानी रंजिश के चलते दिनदहाड़े एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। गंभीर रूप से घायल युवक का अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।

यह घटना कुरूद थाना क्षेत्र के सुनील सिनेमा के पास हुई। जानकारी के अनुसार वेदप्रकाश किसी काम से जा रहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश रखने वाले दो युवक वहां पहुंचे और उसे घेर लिया। देखते ही देखते दोनों ने धारदार चाकू से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमलावरों ने वेदप्रकाश की कमर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही कुरूद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी खिलेश यादव को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दूसरे आरोपी की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हमले की वजह पुरानी रंजिश सामने आई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!