मानसून फिर हुआ सक्रिय: अगले 48 घंटे भारी बारिश के आसार, कई जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी

बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब का असर, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को लेकर मौसम विभाग ने दी सतर्क रहने की सलाह
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब (डीप डिप्रेशन) के प्रभाव से अगले दो दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी वर्षा, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को लेकर ऑरेंज एवं यलो अलर्ट जारी किया है।
अगले 48 घंटे रहेंगे अहम
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून ट्रफ वर्तमान में बीकानेर, दतिया, रीवा, डाल्टनगंज, जमशेदपुर होते हुए उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है। पश्चिम बंगाल और उत्तरी ओडिशा तट पर बने गहरे अवदाब के कारण छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटों तक मानसूनी गतिविधियां तेज बनी रहेंगी। इस दौरान कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।
अब भी सामान्य से कम हुई है बारिश
प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान रायपुर और बिलासपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा दर्ज की गई, जबकि कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। इसके बावजूद इस मानसून सीजन में अब तक प्रदेश में सामान्य से लगभग 21 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है।
नवागढ़ में सबसे अधिक वर्षा दर्ज
रविवार को नवागढ़ में सर्वाधिक 8 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा भटगांव, पिथौरा और भिलाईगढ़ में 7 सेंटीमीटर, सरायपाली में 6 सेंटीमीटर, जबकि अर्जुन्दा, सोनाखान, शिवरीनारायण, गिरौदपुरी, सरसींवा, बसना और राजनांदगांव में 5 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। चांपा, जांजगीर, पामगढ़, नगरी, धमतरी, कुकरेल, पलारी और अन्य क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश हुई।
तापमान में आई गिरावट
बारिश के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में कमी दर्ज की गई। सोमवार को अंबिकापुर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रायपुर में बादल और बूंदाबांदी के आसार
राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने रायगढ़, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज-चमक और भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इन क्षेत्रों के लिए यलो अलर्ट
सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, रायगढ़, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर सहित कई जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना के मद्देनजर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
सावधानी बरतने की अपील
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचने, आकाशीय बिजली के समय सुरक्षित स्थान पर रहने तथा तेज बारिश वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।


