बिलासपुर संभाग

सिरगिट्टी में नए थाना प्रभारी का एक्शन, दूसरे ही दिन गुंडे-बदमाशों पर बड़ी कार्रवाई

सघन पेट्रोलिंग अभियान चलाकर छह आरोपियों को किया गिरफ्तार, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बाद मजिस्ट्रेट के समक्ष किया पेश

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में नए थाना प्रभारी एवं प्रशिक्षु डीएसपी आकाश चौधरी ने पदभार संभालते ही अपराध और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। पदभार ग्रहण करने के दूसरे ही दिन पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर छह गुंडे-बदमाशों को गिरफ्तार कर कानून व्यवस्था को लेकर स्पष्ट संदेश दिया कि क्षेत्र में अपराध और अराजकता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चला विशेष अभियान

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) और नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी आकाश चौधरी के नेतृत्व में सिरगिट्टी पुलिस और बीट आरक्षकों ने क्षेत्र में व्यापक पेट्रोलिंग एवं चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी, अशांति फैलाने और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों पर कार्रवाई की गई।

छह आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

कार्रवाई के दौरान महेश कुमार निर्मलकर, कुशा आडिज्वाय, पररुराम बंछोर, शुशांत यादव, गौरकरण उर्फ मोनू यादव तथा परदेशी राम यादव को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

पहले फ्लैग मार्च, अब लगातार कार्रवाई

नवपदस्थ थाना प्रभारी के पदभार संभालने के बाद से सिरगिट्टी पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। इससे पहले पुलिस ने क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकालकर आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाया था। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर उत्पात मचाने वाले लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई थी।

असामाजिक तत्वों में मचा हड़कंप

लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई से क्षेत्र के असामाजिक तत्वों और आदतन उपद्रवियों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों पर निगरानी लगातार जारी रहेगी और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

आम लोगों से पुलिस की अपील

सिरगिट्टी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं नशाखोरी, अड्डेबाजी, मारपीट या अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!