शादी का झांसा देकर युवती का दैहिक शोषण करने का आरोप: दो माह से फरार आरोपी ससुराल से गिरफ्तार

शादी का वादा कर बनाए शारीरिक संबंध, बाद में दूसरी शादी कर मुकरा; छज्जे पर छिपे आरोपी को सिरगिट्टी पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // शादी का झांसा देकर युवती का दैहिक शोषण करने के आरोप में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को सिरगिट्टी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी करीब दो माह से लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस की गिरफ्त से बचने का प्रयास कर रहा था, लेकिन आखिरकार पुलिस ने उसे उसके ससुराल से पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, थाना सिरगिट्टी क्षेत्र की एक युवती ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अमन यादव उर्फ राजा ने उससे शादी करने का भरोसा देकर लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाए। बाद में आरोपी ने दूसरी युवती से विवाह कर लिया और पीड़िता से किए गए वादे से मुकर गया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 एवं 296 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी 2 मई से फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी, लेकिन वह बार-बार स्थान बदलकर पुलिस को चकमा देता रहा।
इसी बीच पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली कि आरोपी चोरभट्ठी कला स्थित अपने ससुराल में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर कार्रवाई की। पुलिस टीम के पहुंचने पर आरोपी घर के छज्जे पर छिपा मिला। काफी मशक्कत के बाद उसे हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की विवेचना जारी है।



