रायपुर संभाग

दिनदहाड़े चावल कारोबारी की निर्मम हत्या: पुल के पास घेरकर धारदार हथियार से रेता गला, इलाके में सनसनी

चावल से भरा वाहन लेकर जा रहे थे कारोबारी, गले और छाती पर ताबड़तोड़ वार कर उतारा मौत के घाट; हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस

धमतरी ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में बुधवार सुबह दिनदहाड़े एक चावल कारोबारी की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई। अज्ञात हमलावरों ने कारोबारी को रास्ते में घेरकर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला किया और गला रेतकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

यह सनसनीखेज घटना कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम नारी की है। पुलिस के अनुसार, नीरज साहू बुधवार सुबह रोजाना की तरह अपने वाहन में चावल लोड कर कंडेल से ग्राम नारी की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनका वाहन नारी पुल के पास पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात हमलावरों ने उन्हें घेर लिया।

बताया जा रहा है कि बदमाशों ने धारदार हथियारों से नीरज साहू के गले, छाती और शरीर के अन्य संवेदनशील हिस्सों पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए।

दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही कुरूद थाना पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं, जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात आरोपियों की पहचान के लिए सघन तलाशी अभियान चला रही है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों और आरोपियों की पहचान के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है तथा जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!