बिलासपुर संभाग

धान रोपाई पर जा रहे मजदूरों से भरा ट्रैक्टर पलटा, दो महिलाओं की मौत; चार गंभीर घायल

20 से अधिक मजदूर थे सवार, हिर्री थाना क्षेत्र में हुआ दर्दनाक हादसा; घायलों का सिम्स में उपचार जारी

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिला मजदूरों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा हिर्री थाना क्षेत्र में उस समय हुआ, जब धान की रोपाई के लिए जा रहे मजदूरों से भरा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली में 20 से अधिक मजदूर सवार होकर सकर्रा से मेंढ़पार गांव धान की रोपाई के लिए जा रहे थे। गांव के समीप अचानक चालक ट्रैक्टर पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।

हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर में सवार दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

सूचना मिलते ही हिर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने दोनों मृत महिलाओं के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

समाचार लिखे जाने तक मृतक महिलाओं की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस उनकी शिनाख्त कराने के साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

प्राथमिक जांच में ट्रैक्टर के अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!