बिलासपुर संभाग

जिला मेडिकल अस्पताल की ओपीडी में घुसा फन फैलाए कोबरा, डॉक्टर की टेबल के नीचे बैठा देख मचा हड़कंप

मरीजों और अस्पताल कर्मचारियों में फैली दहशत, सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ा

कोरबा ( शिखर दर्शन ) // जिला मेडिकल अस्पताल की ओपीडी में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक विषैला कोबरा सांप डॉक्टर के कंप्यूटर टेबल के नीचे फन फैलाकर बैठा मिला। सांप के फुफकारने की आवाज सुनते ही अस्पताल कर्मचारियों ने नीचे देखा तो कोबरा को देखकर उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते ओपीडी में मौजूद मरीजों, उनके परिजनों और कर्मचारियों में दहशत फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह ओपीडी में नियमित कार्य चल रहा था। इसी दौरान डॉक्टर की टेबल के नीचे से लगातार फुफकारने की आवाज सुनाई दी। जब कर्मचारियों ने सावधानी से टेबल के नीचे झांककर देखा तो वहां एक विषैला कोबरा फन फैलाए बैठा था। सूचना मिलते ही कुछ देर के लिए ओपीडी क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों को सुरक्षित दूरी पर कर दिया गया।

रेस्क्यू टीम ने दिखाई सूझबूझ

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल कर्मचारियों ने बिना जोखिम उठाए तत्काल रेप्टाइल केयर एंड रेस्क्यूअर सोसाइटी (आरसीआरएस) के अध्यक्ष अविनाश यादव को सूचना दी। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया।

रेस्क्यू के बाद सांप को उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया। समय रहते रेस्क्यू हो जाने से कोई अप्रिय घटना नहीं हुई और अस्पताल में मौजूद मरीजों तथा कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।

बारिश के मौसम में बढ़ रहा खतरा

विशेषज्ञों के अनुसार बारिश के मौसम में बिलों में पानी भरने के कारण सांप अक्सर सुरक्षित और सूखी जगहों की तलाश में रिहायशी इलाकों, अस्पतालों और अन्य भवनों में प्रवेश कर जाते हैं। ऐसे में सांप दिखाई देने पर उसे पकड़ने का प्रयास करने के बजाय तत्काल प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना देना सबसे सुरक्षित उपाय माना जाता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!