मुख्यमंत्री करेंगे पंचायत विभाग की समीक्षा, भाजपा की अहम बैठकें, AAP का प्रदेशभर में हनुमान चालीसा पाठ

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में आज राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक दृष्टि से कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित होंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंत्रालय में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक करेंगे। वहीं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री शिवप्रकाश सिंह दो दिवसीय प्रवास पर रायपुर पहुंच रहे हैं। दूसरी ओर आम आदमी पार्टी ने प्रदेश की सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया है। इसके अलावा रेलवे ने हावड़ा मंडल में तकनीकी कार्य के चलते कई ट्रेनों के परिचालन में अस्थायी बदलाव किया है।
मुख्यमंत्री पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की करेंगे समीक्षा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री निवास से मंत्रालय के लिए रवाना होंगे। सुबह 11:30 बजे वे मंत्रालय में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक लेंगे। बैठक में विभागीय योजनाओं, ग्रामीण विकास कार्यों और प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद दोपहर में मुख्यमंत्री भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचकर संगठनात्मक बैठकों एवं अन्य कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
भाजपा में आज से शुरू होगा बैठकों का दौर
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री शिवप्रकाश सिंह दो दिवसीय प्रवास पर मंगलवार को रायपुर पहुंचेंगे। उनके आगमन के साथ ही प्रदेश भाजपा में महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकों का सिलसिला शुरू होगा।
बैठकों का संभावित कार्यक्रम इस प्रकार है—
- दोपहर 3 बजे – प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक
- शाम 6 बजे – प्रदेश कार्यसमिति की बैठक
- बुधवार सुबह – प्रदेश महामंत्रियों की बैठक
- बुधवार दोपहर – प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजकों की बैठक
इन बैठकों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय सहित वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठकों में संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों और वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।
प्रदेशभर में AAP करेगी सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ
आम आदमी पार्टी ने मंगलवार को प्रदेश की सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ आयोजित करने की घोषणा की है। पार्टी के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश और देश में शांति, सामाजिक समरसता, सद्भाव और जनकल्याण की भावना को मजबूत करना है। आयोजन में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक भाग लेंगे।
रेलवे ने बदला कई ट्रेनों का परिचालन
पूर्व रेलवे के हावड़ा मंडल में 24 से 27 जुलाई तक नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण कई ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से बदला गया है। इस अवधि में कुछ ट्रेनें हावड़ा स्टेशन के स्थान पर सांतरागाछी अथवा शालीमार स्टेशन से संचालित होंगी।
प्रमुख बदलाव—
- 12834 हावड़ा–अहमदाबाद एक्सप्रेस (24 एवं 25 जुलाई) शालीमार स्टेशन से चलेगी।
- 12859 सीएसएमटी–हावड़ा गीतांजली एक्सप्रेस (24 एवं 25 जुलाई) सांतरागाछी स्टेशन पर ही समाप्त होगी।
- 12860 हावड़ा–सीएसएमटी गीतांजली एक्सप्रेस (25 एवं 26 जुलाई) सांतरागाछी स्टेशन से रवाना होगी।
रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम
महंत हरिदास त्यागी पुण्यतिथि समारोह
- स्थान: श्री संकट मोचन वीर हनुमान मंदिर, बूढ़ेश्वर चौक
- समय: प्रातः 10:30 बजे
सिद्ध चक्र महामंडल विधान
- आयोजक: श्री मुनि सुव्रतनाथ दिगंबर जैन मंदिर ट्रस्ट
- स्थान: अमलतास केसल, कचना स्थित जैन मंदिर
- समय: प्रातः 10:00 बजे



