छत्तीसगढ़ में अगले चार दिन झमाझम बारिश के आसार, मौसम विभाग का अलर्ट जारी

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है।
बुधवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक अधिकतम तापमान रायपुर में 32 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अब तक प्रदेश में औसत वर्षा सामान्य से 17 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।
इन जिलों में आज बारिश के आसार
आज रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, कोरिया, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जशपुर, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, कबीरधाम, बेमेतरा, राजनांदगांव और कांकेर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश भी हो सकती है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम प्रणाली
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे लगे दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अभी सक्रिय है। इसके प्रभाव से प्रदेश में नमी लगातार बनी हुई है। इसके साथ ही सक्रिय द्रोणिका और चक्रवाती परिसंचरण के कारण अगले चार दिनों तक छत्तीसगढ़ के अधिकांश जिलों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।



