मध्यप्रदेश

3 दिन से लापता मासूम अंश का नहीं मिला कोई सुराग, तलाश में जुटीं 10 टीमें, सूचना देने पर ₹10 हजार इनाम

भोपाल में 6 वर्षीय बच्चे की गुमशुदगी से बढ़ी चिंता, पुलिस कमिश्नर खुद कर रहे निगरानी

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // राजधानी भोपाल के रॉयल मार्केट क्षेत्र से तीन दिन पहले रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुए 6 वर्षीय मासूम अंश का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। बच्चे की तलाश के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक अभियान छेड़ रखा है, लेकिन लगातार प्रयासों के बावजूद सफलता हाथ नहीं लगी है। समय बीतने के साथ परिवार की चिंता और बेचैनी बढ़ती जा रही है।

इलाज के दौरान मां से बिछड़ा मासूम

जानकारी के अनुसार अंश अपने परिवार के साथ रॉयल मार्केट स्थित मल्टी केयर अस्पताल इलाज के लिए आया था। इसी दौरान वह अपनी मां के साथ मौजूद था, लेकिन अचानक अस्पताल और रॉयल मार्केट चौराहे के आसपास के क्षेत्र से लापता हो गया। घटना के बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस की 10 टीमें कर रहीं सघन तलाश

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विशेष खोज अभियान शुरू किया है। मासूम अंश की तलाश के लिए पुलिस की 10 अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। क्राइम ब्रांच को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस कमिश्नर संजय कुमार स्वयं पूरे अभियान की निगरानी कर रहे हैं और लगातार अधिकारियों से जानकारी ले रहे हैं।

सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया का लिया जा रहा सहारा

जांच टीमों द्वारा रॉयल मार्केट, अस्पताल परिसर और आसपास के प्रमुख मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके अलावा शहर के विभिन्न हिस्सों में बच्चे की तस्वीर वाले पोस्टर और बैनर लगाए गए हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों से मासूम की तलाश में सहयोग की अपील की जा रही है।

सूचना देने वाले को मिलेगा ₹10 हजार का इनाम

पुलिस ने अंश के संबंध में कोई भी महत्वपूर्ण जानकारी देने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपये नकद इनाम देने की घोषणा की है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को बच्चे के बारे में कोई जानकारी मिले तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या कंट्रोल रूम को सूचित करें।

परिवार की बढ़ी बेचैनी, लोगों से सहयोग की अपील

तीन दिन बीत जाने के बाद भी मासूम का कोई सुराग नहीं मिलने से परिजन बेहद परेशान हैं। पुलिस का कहना है कि हर संभावित पहलू पर जांच की जा रही है और बच्चे को सकुशल खोजने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन ने आमजन से संवेदनशीलता दिखाते हुए खोज अभियान में सहयोग करने की अपील की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!