मानसून की रफ्तार धीमी, मध्य छत्तीसगढ़ में बढ़ी गर्मी; बेमेतरा रहा सबसे गर्म, अगले 5 दिन बारिश के आसार

रायपुर-बिलासपुर समेत कई जिलों में बढ़ा तापमान, मौसम विभाग ने जारी किया बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक का इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है। जून का पहला पखवाड़ा समाप्त होने के बाद भी प्रदेश के मध्य क्षेत्रों में गर्मी और उमस से लोगों को राहत नहीं मिल रही है। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और आसपास के इलाकों में तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है, जबकि सरगुजा संभाग के कुछ हिस्सों में द्रोणिका के प्रभाव से बारिश दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और मेघगर्जन की संभावना जताई है।
बेमेतरा रहा प्रदेश का सबसे गर्म जिला
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान बेमेतरा में 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 22.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इन इलाकों में हुई बारिश
प्रदेश में सोमवार को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। सूरजपुर जिले के ओड़गी में सर्वाधिक 5 सेंटीमीटर बारिश हुई। रामानुजनगर, प्रतापपुर और जशपुर जिले के कांसाबेल में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा बलरामपुर, पाली, करतला, गिधौरी टुंड्रा, प्रेमनगर और मुकडेगा सहित कई क्षेत्रों में 1 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई।
प्रमुख शहरों का तापमान
- रायपुर – 39.0 डिग्री सेल्सियस
- माना – 39.7 डिग्री सेल्सियस
- बिलासपुर – 39.7 डिग्री सेल्सियस
- पेंड्रा – 37.0 डिग्री सेल्सियस
- अंबिकापुर – 36.8 डिग्री सेल्सियस
- जगदलपुर – 38.3 डिग्री सेल्सियस
- दुर्ग – 41.2 डिग्री सेल्सियस
रायपुर में बादल और बारिश के संकेत
मौसम विभाग के अनुसार रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को आंशिक बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश तथा अंधड़ चलने की संभावना है। हालांकि गर्मी और उमस का असर फिलहाल बना रहेगा। राजधानी में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
तेज हवाओं और वज्रपात की चेतावनी
मौसम विभाग ने प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा के साथ गरज-चमक, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।



