महाकाल मंदिर की सुरक्षा में सेंध: ‘पुष्पा’ के वेश में युवक ने किए वीआईपी दर्शन, सुरक्षाकर्मी लेते रहे सेल्फी

प्रतिबंधित वेशभूषा में मंदिर पहुंचा युवक, वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप; सुरक्षा सुपरवाइजर हटाया गया
उज्जैन ( शिखर दर्शन ) // विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकाल मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। मंदिर में सुरक्षा की बड़ी चूक सामने आई है, जहां फिल्म ‘पुष्पा’ के अभिनेता के गेटअप में एक युवक न केवल मंदिर परिसर में प्रवेश कर गया, बल्कि उसे वीआईपी दर्शन तक करा दिए गए। मामला सामने आने के बाद मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा सुपरवाइजर को हटाते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, युवक फिल्म ‘पुष्पा’ के किरदार की तर्ज पर साड़ी, ब्लाउज, नथनी, पायल और नींबू की माला पहनकर महाकाल मंदिर पहुंचा था। मंदिर परिसर में इस तरह की वेशभूषा और फोटोग्राफी प्रतिबंधित होने के बावजूद वह आसानी से भीतर प्रवेश कर गया। आरोप है कि मानसरोवर गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोकने के बजाय उसके साथ फोटो और सेल्फी खिंचवाई।
वीआईपी प्रोटोकॉल के साथ कराए गए दर्शन
बताया जा रहा है कि मंदिर का एक कर्मचारी युवक को विशेष प्रोटोकॉल के तहत गणेश मंडपम तक लेकर गया, जहां उसने बाबा महाकाल के दर्शन किए। इस दौरान युवक ने मंदिर परिसर का वीडियो भी बनाया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।
वीडियो वायरल होने के बाद खुली पोल
घटना 5 फरवरी की बताई जा रही है, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया। वीडियो सामने आने के बाद मंदिर प्रशासन की कार्यप्रणाली और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठने लगे हैं।
जांच के आदेश, सुरक्षा सुपरवाइजर पर कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक ने संबंधित सुरक्षा सुपरवाइजर को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। साथ ही पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदार लोगों पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



