रायपुर संभाग

आज होगी साय कैबिनेट की अहम बैठक, दिल्ली दौरे पर जाएंगे मुख्यमंत्री, महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन

खाद-बीज व्यवस्था की समीक्षा संभव, शहीद आकाश राव गिरेपुंजे को श्रद्धांजलि; राजधानी में धार्मिक और सामाजिक आयोजनों की भी रहेगी धूम

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ की राजनीति, प्रशासन और सामाजिक गतिविधियों के लिहाज से मंगलवार का दिन काफी महत्वपूर्ण रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद की बैठक होगी, वहीं कांग्रेस महंगाई के मुद्दे पर प्रदर्शन करेगी। इसके अलावा शहीद आकाश राव गिरेपुंजे की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा और राजधानी में कई धार्मिक-सामाजिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।

साय कैबिनेट की अहम बैठक आज

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में सुबह 11 बजे मंत्रालय में राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक आयोजित होगी। बैठक में खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों के लिए खाद और बीज की उपलब्धता की समीक्षा किए जाने की संभावना है। इसके अलावा प्रदेश में स्थानांतरण पर लगे प्रतिबंध को हटाने सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हो सकती है।

बैठक के बाद दिल्ली रवाना होंगे मुख्यमंत्री

कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री सीएम हेल्पलाइन 1076 का शुभारंभ करेंगे और कॉल सेंटर का अवलोकन भी करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम को रायपुर से दिल्ली रवाना होंगे, जहां उनका रात्रि विश्राम छत्तीसगढ़ सदन में रहेगा।

बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन

रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस आज राजधानी में विरोध प्रदर्शन करेगी। सुबह 11 बजे वीआईपी चौक स्थित इंडियन ऑयल कार्यालय के सामने आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ता महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगे।

शहीद आकाश राव गिरेपुंजे को दी जाएगी श्रद्धांजलि

सुकमा में नक्सली हमले में शहीद हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव गिरेपुंजे की प्रथम पुण्यतिथि पर लाखेनगर चौक में सुबह 11 बजे से श्रद्धांजलि सभा आयोजित होगी। कार्यक्रम में परिजन, शुभचिंतक और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल होकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।

महिला उद्यमियों के लिए ‘नारी वंदन 2026’

कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) की महिला विंग द्वारा शाम 5 बजे से 7 बजे तक ‘नारी वंदन 2026’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में महिला उद्यमिता, नेतृत्व और आत्मनिर्भरता से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।

राजधानी में आज के प्रमुख कार्यक्रम

योग एवं ध्यान प्रशिक्षण

सुबह 5:10 बजे से नूतन स्कूल कैंपस, आरडीए कॉलोनी टिकरापारा में आयोजन।

संस्कार शिक्षण शिविर

मालवीय रोड स्थित दिगंबर जैन मंदिर में सुबह 7 बजे से 9:30 बजे तक तथा शाम 7:30 बजे से 8:30 बजे तक दो सत्रों में आयोजन। शाम को सामूहिक आरती एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।

परमानंद महोत्सव

बूढ़ापारा स्थित श्रीगिरिराज मंदिर में सुबह 10 बजे से दुग्धाभिषेक एवं वेदोक्त पाठ तथा रात्रि में विशेष श्रृंगार दर्शन।

श्रीमद् भागवत महापुराण कथा

टिल्लू चौक लाखेनगर स्थित श्रीराम मंदिर प्रांगण में सुबह 9 बजे से कथा का आयोजन।

भागवत कथा

विमानतल मार्ग स्थित जैनम मानस भवन में शाम 6 बजे से कथांतर्गत कपिल जन्मोत्सव प्रसंग का आयोजन किया जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!