रायपुर संभाग

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ पर सियासी तकरार तेज, भाजपा-कांग्रेस नेताओं में जुबानी जंग

स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल बोले- कांग्रेस की परंपरा में गुटबाजी, नेता प्रतिपक्ष महंत ने कहा- सामूहिक नेतृत्व हमारी ताकत

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। प्रदेश संगठन में संभावित बदलाव की चर्चाओं के बीच भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच जुबानी जंग भी शुरू हो गई है। एक ओर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कांग्रेस पर गुटबाजी का आरोप लगाया, वहीं नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस सामूहिक नेतृत्व की परंपरा में विश्वास करती है।

कांग्रेस अध्यक्ष पद की चर्चा पर भाजपा का तंज

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए कई नेताओं के नाम चर्चा में हैं। इस बीच स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष बदलने का मुद्दा पिछले कई वर्षों से चर्चा में है और अब यह लोगों के लिए बोरिंग अध्याय बन चुका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति में आपसी मतभेद और गुटबाजी नई बात नहीं है, बल्कि यह उसकी परंपरा और संस्कार का हिस्सा रही है।

महंत का पलटवार, बोले- कांग्रेस में सब कुछ सामान्य

स्वास्थ्य मंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि कांग्रेस में किसी प्रकार का विवाद नहीं है और संगठन पूरी तरह एकजुट है। उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता सामूहिक नेतृत्व के साथ आगे बढ़ रहे हैं और संगठन से जुड़े सभी निर्णय भी इसी भावना के साथ लिए जाते हैं।

महंत ने कहा कि जिन राज्यों में आगामी चुनाव होने हैं, वहां संगठनात्मक बदलाव की संभावना स्वाभाविक है। छत्तीसगढ़ में भी चर्चा चल रही है, लेकिन फिलहाल राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे और जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण कार्यक्रम के बाद ही इस विषय पर आगे विचार किया जाएगा।

खाद-बीज संकट को लेकर सरकार पर साधा निशाना

नेता प्रतिपक्ष ने खाद और बीज की उपलब्धता को लेकर भी राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार भले ही सब कुछ सामान्य होने का दावा कर रही हो, लेकिन जमीनी स्तर पर किसानों और ग्रामीणों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था प्रभावित हो रही है और इस पर गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है।

इंडिया गठबंधन की बैठक पर भी बोले महंत

डॉ. महंत ने कहा कि दिल्ली में आयोजित इंडिया गठबंधन की बैठक में महंगाई, डीजल-पेट्रोल, रसोई गैस और आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों सहित कई राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है और गठबंधन की बैठक में भविष्य की रणनीति पर भी मंथन किया जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!