तिरंगे के अपमान पर भड़का आक्रोश: जबलपुर में युवाओं का प्रदर्शन, अमेरिकी झंडा फाड़कर जताया विरोध

राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान को लेकर सड़क पर उतरे युवा, केंद्र सरकार की प्रतिक्रिया पर भी उठाए सवाल
जबलपुर ( शिखर दर्शन ) // अमेरिका में भारतीय राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के कथित अपमान की घटना को लेकर जबलपुर में युवाओं का आक्रोश देखने को मिला। शहर के मालवीय चौक पर बड़ी संख्या में युवाओं ने एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया और घटना की कड़ी निंदा की। प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने अमेरिकी झंडा फाड़कर अपना विरोध दर्ज कराया।
मालवीय चौक पर जुटे युवा
‘नेशनल एजुकेटेड यूथ यूनियन’ (NEYU) के बैनर तले आयोजित प्रदर्शन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष नीरज शर्मा ने किया। इस दौरान संगठन से जुड़े युवाओं ने तिरंगे के सम्मान के समर्थन में नारेबाजी करते हुए दोषी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
राष्ट्रीय सम्मान से समझौता नहीं
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि भारतीय राष्ट्रीय ध्वज देश की अस्मिता और गौरव का प्रतीक है। किसी भी देश या व्यक्ति द्वारा उसके अपमान को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। युवाओं ने कहा कि देश का सम्मान सर्वोपरि है और ऐसी घटनाओं का विरोध हर स्तर पर होना चाहिए।
सरकार की चुप्पी पर उठाए सवाल
प्रदर्शन के दौरान संगठन पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार की प्रतिक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर कड़ा विरोध दर्ज कराया जाना चाहिए। युवाओं ने मांग की कि मामले को गंभीरता से उठाकर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
देश के सम्मान की रक्षा का संकल्प
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि देश का युवा, जवान और किसान राष्ट्रीय सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि तिरंगे के सम्मान पर आंच आने पर देशभर में इसी तरह लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराया जाएगा।



