23 साल की उम्र, 19 सरकारी परीक्षाएं पास: छत्तीसगढ़ की बेटी चारु पांडेय को मिलेगा राष्ट्रपति गोल्ड मेडल

तिल्दा की होनहार बेटी ने रचा इतिहास, मेहनत और लगन से बनी लाखों युवाओं की प्रेरणा
तिल्दा/रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ की बेटी चारु पांडेय ने अपनी असाधारण प्रतिभा, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर ऐसा मुकाम हासिल किया है, जिस पर पूरा प्रदेश गर्व कर रहा है। तिल्दा निवासी चारु पांडेय ने महज 23 वर्ष की उम्र में 19 सरकारी प्रतियोगी परीक्षाएं उत्तीर्ण कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि के लिए आगामी स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा गोल्ड मेडल से सम्मानित किए जाने की जानकारी सामने आई है।
दिल्ली पुलिस से बैंकिंग और रेलवे तक, हर परीक्षा में सफलता
चारु पांडेय ने अब तक SSC CGL, SSC CHSL, SSC MTS, SSC GD, SSC CPO, IBPS PO, SBI Clerk, NET-JRF, CGTET, RRB Group-D, RRB NTPC, दिल्ली पुलिस, CG SI, CG NHM, ट्रांसपोर्ट सब इंस्पेक्टर सहित विभिन्न प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता हासिल की है। लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं में मिली कामयाबी ने उन्हें युवाओं के बीच प्रेरणा का प्रतीक बना दिया है।
CAG में ऑडिट ऑफिसर के पद पर दे रहीं सेवाएं
चारु वर्तमान में भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) कार्यालय में ऑडिट ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं। मई 2025 में उनका चयन असिस्टेंट ऑडिट ऑफिसर (AAO) के रूप में हुआ था। उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन के आधार पर उन्हें वर्ष 2026 के लिए ‘बेस्ट AAO’ सम्मान भी मिला। इसके बाद पदोन्नति पाकर वे वर्तमान में विशाखापट्टनम में ऑडिट ऑफिसर के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं।
माता-पिता का सपना किया साकार
चारु पांडेय, प्रवीण कुमार पांडेय और सुधा पांडेय की पुत्री हैं। साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से निकलकर उन्होंने जिस तरह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल की, वह युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बन गई है।
युवाओं के लिए बनीं सफलता की मिसाल
कम उम्र में इतनी बड़ी उपलब्धियां हासिल करना चारु की मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण को दर्शाता है। उनकी सफलता यह साबित करती है कि यदि इरादे मजबूत हों और प्रयास लगातार किए जाएं तो किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
पूरे प्रदेश का बढ़ाया गौरव
चारु पांडेय की उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के लिए भी गौरव का विषय है। आगामी स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रपति गोल्ड मेडल से सम्मानित होने की खबर ने प्रदेशवासियों का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। उनकी सफलता लाखों युवाओं को यह संदेश देती है कि सपनों को सच करने के लिए मेहनत, धैर्य और समर्पण सबसे बड़ी पूंजी होती है।



