राज्यसभा चुनाव से पहले भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, भोपाल पहुंचे तरुण चुघ; कांग्रेस पर साधा तीखा निशाना

मुख्यमंत्री मोहन यादव से की मुलाकात, बोले- विकसित भारत के संकल्प को पूरा करना ही हमारा लक्ष्य
भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश से भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशी और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ शुक्रवार को भोपाल पहुंचे, जहां उनका भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। राजधानी पहुंचने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें राज्यसभा चुनाव में जीत की अग्रिम बधाई दी।
मुख्यमंत्री निवास में हुई मुलाकात के दौरान कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद हेमंत खंडेलवाल, सांसद वीडी शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक में संगठनात्मक विषयों और आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई।
विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर भाजपा कार्यकर्ता प्रतिबद्ध
मीडिया से चर्चा करते हुए तरुण चुघ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य तय किया गया है और भाजपा का हर कार्यकर्ता इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए समर्पित है।
उन्होंने कहा कि भाजपा में व्यक्ति नहीं, बल्कि विचार और संगठन सर्वोपरि है। पार्टी का हर कार्यकर्ता स्वयं को संगठन का सिपाही मानकर कार्य करता है।
कांग्रेस पर बोला तीखा हमला
तरुण चुघ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा और कांग्रेस की कार्यशैली में मूलभूत अंतर है। भाजपा एक संगठन आधारित दल है, जबकि कांग्रेस परिवारवाद की राजनीति में उलझी हुई है। उन्होंने कहा कि आज देशभर में कांग्रेस लगातार कमजोर होती जा रही है और जनता का विश्वास खो चुकी है।
कांग्रेस की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी अब जनाधार और नेतृत्व दोनों के संकट से जूझ रही है, जबकि भाजपा निरंतर विस्तार और जनसमर्थन प्राप्त कर रही है।
मध्यप्रदेश को बताया भाजपा की वैचारिक कर्मभूमि
तरुण चुघ ने कहा कि मध्यप्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं संगठन पुरुष स्वर्गीय कुशाभाऊ ठाकरे की कर्मभूमि रही है। उन्होंने प्रदेश को देश का “दिल” बताते हुए कहा कि जिस प्रकार शरीर में हृदय की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, उसी प्रकार राष्ट्रीय राजनीति और विकास में मध्यप्रदेश की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
आज दाखिल होगा नामांकन
राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल शनिवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। नामांकन प्रक्रिया के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे। सूत्रों के अनुसार केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और ज्योतिरादित्य सिंधिया के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।
राजनीतिक गलियारों में बढ़ी हलचल
राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। तरुण चुघ के भोपाल दौरे और वरिष्ठ नेताओं के साथ लगातार बैठकों को आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा इसे संगठनात्मक एकजुटता और राजनीतिक मजबूती के प्रदर्शन के रूप में भी देख रही है।



