बस्तर में प्री-मानसून की दस्तक, अगले 5 दिन गरज-चमक और बारिश के आसार; मध्य छत्तीसगढ़ में गर्मी बरकरार

कई जिलों में हुई झमाझम बारिश, बिलासपुर रहा सबसे गर्म; मानसून की आगे बढ़ने की परिस्थितियां अनुकूल
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून गतिविधियां धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रही हैं। बस्तर संभाग सहित प्रदेश के कई इलाकों में बारिश की शुरुआत हो चुकी है, जिससे मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिल रहा है। हालांकि मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अभी भी भीषण गर्मी का असर बना हुआ है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश के एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन, तेज हवाओं, वज्रपात और वर्षा की संभावना जताई है।
बस्तर में बारिश, मध्य क्षेत्र में गर्मी का असर
प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों, विशेषकर बस्तर संभाग में प्री-मानसून की फुहारों ने लोगों को गर्मी से राहत दी है। वहीं बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव और आसपास के क्षेत्रों में तापमान अब भी 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
बिलासपुर रहा सबसे गर्म
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान बिलासपुर में सर्वाधिक 42.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं पेंड्रा रोड प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रायपुर में बादल और बारिश के संकेत
राजधानी रायपुर में शनिवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
इन इलाकों में हुई अच्छी बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान ओडगी में 5 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा कुआकोंडा में 4 सेंटीमीटर, बड़े बचेली में 3 सेंटीमीटर तथा सुकमा, बलरामपुर, तोंगपाल, कांसाबेल और मनोरा में 2-2 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। चिरमिरी, गादीरास और छिंदगढ़ सहित कई अन्य क्षेत्रों में भी वर्षा हुई है।
मानसून की राह हुई आसान
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार छत्तीसगढ़ में लगातार नमी पहुंच रही है और बस्तर क्षेत्र में वर्षा की गतिविधियां सक्रिय हैं। मानसून के आगे बढ़ने के लिए आवश्यक परिस्थितियां बन रही हैं और मौसम विभाग लगातार इसकी निगरानी कर रहा है।
अगले कुछ दिनों में और आगे बढ़ेगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून के मध्य अरब सागर, गोवा, महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु तथा बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण का प्रभाव भी मौसम पर पड़ रहा है।
अगले पांच दिन मौसम रहेगा सक्रिय
मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले पांच दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और कहीं-कहीं वज्रपात की स्थिति बनी रह सकती है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और मौसम संबंधी सलाहों का पालन करने की अपील की गई है।



