रायपुर संभाग

सेंट्रल जेल में सनसनी: महिला कैदी ने काटी कलाई, लगे 8 टांके

प्रताड़ना के आरोपों से मचा हड़कंप, जेल प्रशासन ने किया खंडन

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // राजधानी रायपुर के सेंट्रल जेल से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां महिला प्रकोष्ठ में बंद एक कैदी ने कथित तौर पर आत्महत्या का प्रयास करते हुए अपनी कलाई काट ली। घटना के बाद उसे तत्काल इलाज दिया गया, जिसमें उसके हाथ पर आठ टांके लगाए गए।

बताया जा रहा है कि यह घटना तीन से चार दिन पुरानी है, जो अब परिजनों के माध्यम से सामने आई है। घायल महिला कैदी की पहचान आशिमा राव के रूप में हुई है, जो पिछले करीब छह महीने से एक मारपीट के मामले में जेल में बंद है।

परिजनों ने जेल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आशिमा ने एक चिट्ठी के जरिए जेल के भीतर चेकिंग के नाम पर प्रताड़ना और अपमान की बात बताई थी। उनका आरोप है कि लगातार अभद्र व्यवहार से मानसिक रूप से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।

वहीं, जेल प्रशासन ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। अधिकारियों का कहना है कि महिला कैदी पूरी तरह सुरक्षित है और उसकी स्थिति सामान्य है, साथ ही उसे बाहर रेफर करने की जरूरत नहीं पड़ी। प्रशासन के अनुसार कुछ दिन पहले उसके पास से आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई थी, जिसके बाद नियमों के तहत कार्रवाई की गई थी।

इस घटना के बाद जेल प्रबंधन की कार्यप्रणाली और कैदियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पूरे मामले में जांच की मांग तेज हो गई है और दोनों पक्षों के दावों के बीच सच्चाई सामने आने का इंतजार किया जा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!