महाकाल भस्म आरती में बड़ा बदलाव, अब ऑनलाइन ‘तत्काल बुकिंग’ से होंगे दर्शन

लंबी कतारों से मिलेगी राहत, घर बैठे पोर्टल से बुकिंग कर सकेंगे श्रद्धालु
उज्जैन (शिखर दर्शन) // विश्व प्रसिद्ध Mahakaleshwar Temple में भस्म आरती दर्शन व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अब ऑफलाइन परमिशन प्रक्रिया को खत्म कर ऑनलाइन ‘तत्काल बुकिंग’ व्यवस्था लागू कर दी गई है।
पहले श्रद्धालुओं को भस्म आरती में शामिल होने के लिए एक दिन पहले मंदिर पहुंचकर फॉर्म लेना और जमा करना पड़ता था। इस प्रक्रिया में लंबी कतारें लगती थीं और भीड़ के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
अब नई व्यवस्था के तहत श्रद्धालु एक दिन पहले सुबह 8 बजे से ऑनलाइन पोर्टल के जरिए बुकिंग कर सकेंगे। यह प्रक्रिया ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर होगी, ठीक वैसे ही जैसे रेलवे की तत्काल बुकिंग सुविधा में होता है।
बुकिंग के दौरान श्रद्धालुओं को आधार कार्ड सहित आवश्यक जानकारी दर्ज करनी होगी। प्रति व्यक्ति 200 रुपये शुल्क पहले की तरह ही निर्धारित रखा गया है। साथ ही, पहले की तरह ही प्रतिदिन 300 श्रद्धालुओं की सीमा भी लागू रहेगी।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, इस बदलाव से श्रद्धालुओं को लंबी कतारों, भीड़भाड़ और मौसम की परेशानियों से राहत मिलेगी और वे घर बैठे आसानी से भस्म आरती के लिए बुकिंग कर सकेंगे। फिलहाल यह व्यवस्था पूरी तरह ऑनलाइन लागू कर दी गई है, जबकि ऑफलाइन प्रक्रिया को लेकर आगे निर्णय लिया जाएगा।




