साड़ी घोटाला: गुणवत्ता जांच तेज, दोषियों पर सख्त कार्रवाई के संकेत

आंगनबाड़ी साड़ियों की गुणवत्ता पर उठे सवाल, सरकार ने लिया कड़ा संज्ञान
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को वितरित की गई साड़ियों की गुणवत्ता को लेकर सामने आई शिकायतों के बाद राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। महिला एवं बाल विकास मंत्री Laxmi Rajwade के निर्देश पर मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है और पूरे प्रकरण को गंभीरता से लिया जा रहा है।
खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड को जांच के निर्देश
विभागीय स्तर पर जारी पत्र में छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड को निर्देशित किया गया है कि वह तकनीकी विशेषज्ञों की टीम गठित कर साड़ियों की पुनः गुणवत्ता जांच सुनिश्चित करे। वित्तीय वर्ष 2024-25 के तहत किए गए क्रय आदेशों में कुछ जिलों से गुणवत्ता मानकों में विचलन की शिकायतें प्राप्त होने के बाद यह कदम उठाया गया है।
जांच में अनियमितताओं की पुष्टि, कार्रवाई की प्रक्रिया तेज
प्रारंभिक जांच में कुछ स्थानों पर निर्धारित मानकों से विचलन की पुष्टि होने के बाद प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई तेज कर दी गई है। यदि पुनः जांच में अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित आपूर्तिकर्ताओं और एजेंसियों पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
खराब साड़ियों की वापसी और पुनः वितरण के निर्देश
सरकार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिन क्षेत्रों में निम्न गुणवत्ता की साड़ियाँ वितरित की गई हैं, उन्हें तत्काल वापस लेकर उनकी जगह गुणवत्तापूर्ण साड़ियाँ उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही विभाग ने यह भी कहा है कि इस मामले को लेकर फैलाए जा रहे भ्रामक प्रचार से बचा जाए, क्योंकि सरकार पारदर्शिता के साथ पूरी जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ा रही है।



