इंस्टाग्राम दोस्ती का खौफनाक अंत: नाबालिग से होटल में बार-बार किया दुष्कर्म, प्रेग्नेंट होने पर खिलाई गर्भपात की दवा; इलाज के दौरान मौत

भोपाल/बुरहानपुर ( शिखर दर्शन ) // सोशल मीडिया पर दोस्ती एक नाबालिग बालिका के लिए मौत का कारण बन गई। राजधानी भोपाल अंतर्गत बुरहानपुर के गणपति नाका थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय नाबालिग बालिका की इंस्टाग्राम पर दोस्ती एक युवक से हुई। आरोपी युवक ने उसे बार-बार होटल ले जाकर दुष्कर्म किया। गर्भवती होने पर आरोपी द्वारा बालिका को गर्भपात की दवा खिलाई, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और उपचार के दौरान शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी गणेश चौधरी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी एक होटल में काम करता था।
यह है मामला
परिजनों के अनुसार, करीब ढाई महीने पहले नाबालिग बालिका की इंस्टाग्राम पर गणेश चौधरी से दोस्ती हुई। आरोपी रात में उसे चौपाटी पर बुलाता और फिर होटल ले जाकर चार-पांच बार शारीरिक शोषण करता रहा। एक महीने पहले जब बालिका के पीरियड्स नहीं आए, तो आरोपी ने उसे गर्भपात की दवाई लाकर दी, जिसे बालिका ने खा ली। इसके बाद उसकी तबीयत लगातार खराब रहने लगी। 7 अप्रैल को परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में पता चला कि बालिका करीब दो महीने की गर्भवती थी और गर्भ गिर गया था।10 अप्रैल (शुक्रवार) को उपचार के दौरान बालिका की मौत हो गई। परिजनों को अस्पताल में ही इस पूरे घटनाक्रम का पता चला।
पुलिस की कार्रवाई
परिजनों की शिकायत पर गणपति नाका थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। आरोपी गणेश चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया और न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ POCSO एक्ट 2012 की धारा 5 एवं 6, BNSS की धारा 64(2)(एम), तथा SC/ST अत्याचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
गणपति नाका थाना प्रभारी सुरेश महाले ने बताया कि शिकायत 7 अप्रैल को मिली थी और आरोपी को 8 अप्रैल को ही गिरफ्तार कर लिया गया था। मृतका के पिता ने बताया कि उन्हें शुरू में केवल उल्टी की शिकायत थी। डॉक्टर भी नहीं जानते थे कि उनके साथ गलत काम हुआ है, इसलिए केवल उल्टी का इलाज चल रहा था। इंस्टाग्राम पर दोस्ती कब हुई, यह भी परिवार को पता नहीं चला।



