अभिनेत्री अंकिता लोखंडे और विक्की जैन ने किए बाबा महाकाल के दर्शन

भस्म आरती में हुए शामिल, बोले- ऐसा लगा जैसे साक्षात शिव के दर्शन हो गए
उज्जैन (शिखर दर्शन) // प्रसिद्ध टीवी व फिल्म अभिनेत्री अंकिता लोखंडे और अभिनेता विक्की जैन धार्मिक नगरी उज्जैन पहुंचे, जहां दोनों ने ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर के तड़के होने वाली भस्म आरती के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
राजाधिराज बाबा महाकाल की सुबह 4 बजे होने वाली भस्म आरती में अंकिता लोखंडे और विक्की जैन शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने करीब 2 घंटे तक नंदी हाल से भस्म आरती के दर्शन किए। मंदिर प्रबंध समिति की ओर से दोनों का स्वागत भी किया गया।
दर्शन के बाद मीडिया से चर्चा में अंकिता लोखंडे ने बताया कि वे पहली बार भस्म आरती में शामिल हुई हैं। उन्होंने कहा कि वह इंदौर से हैं और पहले भी कई बार महाकाल के दर्शन कर चुकी हैं, लेकिन भस्म आरती का अनुभव शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता।
वहीं विक्की जैन ने कहा कि भगवान महाकाल की भस्म आरती के लाइव दर्शन इतने अद्भुत होते हैं कि ऐसा लगता है जैसे साक्षात भगवान शिव के दर्शन हो रहे हों।
विक्की जैन छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध शहर बिलासपुर के जाने-माने उद्योगपति परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके परिवार के कई बड़े संस्थान जिले सहित प्रदेश के बाहर भी स्थापित हैं।



