प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ बिजली गिरने का अलर्ट, 2 दिन बाद फिर चढ़ेगा पारा

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश के आसार
रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में बीते तीन दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है, जिससे तपती गर्मी से लोगों को राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक ऐसे ही हालात बने रहने की संभावना जताते हुए बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ है। आने वाले 2 दिनों तक तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अगले 2 दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है।
मौसम सारांश
- सोमवार को सर्वाधिक अधिकतम तापमान 37.5°C राजनांदगांव में दर्ज किया गया
- न्यूनतम तापमान 18.4°C अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ
- कापू और पेंड्रा रोड में 2-2 सेमी वर्षा
- पसान, कुनकुरी, तमनार, कोरबा और खड़गांव में 1-1 सेमी बारिश दर्ज
सिनोप्टिक सिस्टम (CG Weather Update)
मौसम में बदलाव के पीछे दो चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं—
- उत्तरपूर्वी विदर्भ और आसपास के क्षेत्रों में 0.9 किमी ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण
- ओडिशा और आसपास के क्षेत्रों में 0.9 किमी ऊंचाई पर एक अन्य चक्रवाती परिसंचरण
आज का मौसम
प्रदेश में आज एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है। इसके साथ ही गरज-चमक, वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
आने वाले 2 दिनों में भी मौसम इसी तरह बना रहेगा। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक के साथ वज्रपात और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
रायपुर का मौसम
रायपुर में आज आसमान आंशिक रूप से मेघमय रहेगा। मेघगर्जन के साथ बारिश के आसार हैं।
- अधिकतम तापमान: 38°C
- न्यूनतम तापमान: 25°C
लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।



