शादी से पहले उठाया खौफनाक कदम: फोन पर बातचीत के बाद युवती ने लगाई फांसी, परिवार में मातम

प्रेम प्रसंग की आशंका, कॉल के तुरंत बाद हुई घटना; पुलिस मोबाइल और चैट खंगालने में जुटी
विदिशा ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में एक युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। 19 वर्षीय युवती ने शादी से ठीक एक महीने पहले फांसी लगाकर अपनी जान दे दी, जिससे परिवार और गांव में मातम छा गया है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है।
घटना लटेरी तहसील के मुरवास थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रुसल्ली साहू की है। जानकारी के अनुसार, भावना नाम की युवती का उत्तर प्रदेश के एक युवक से प्रेम संबंध था, लेकिन परिजनों ने उसकी शादी गुना के एक युवक से तय कर दी थी। आगामी 4 मई को विवाह होना था, जिसके चलते घर में तैयारियां भी चल रही थीं। इसी बीच युवती ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
बताया जा रहा है कि घटना से ठीक पहले युवती ने अपने प्रेमी से फोन पर बातचीत की थी। बातचीत के तुरंत बाद प्रेमी ने भावना की भाभी को फोन कर किसी अनहोनी की आशंका जताई। जब भाभी कमरे में पहुंची तो युवती फंदे पर लटकी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, मर्ग कायम कर पंचनामा किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एक ओर जहां परिवार शादी की खुशियों में डूबा हुआ था, वहीं इस घटना ने पूरे माहौल को शोक में बदल दिया। पुलिस ने युवती का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और साइबर सेल की मदद से कॉल डिटेल्स व चैट की जांच की जा रही है, ताकि आत्महत्या के कारणों और संभावित पहलुओं का स्पष्ट पता लगाया जा सके।



