बड़ी खबर: आपत्तिजनक फोटो वायरल होते ही गिरी गाज, IPS रतन लाल डांगी निलंबित

सोशल मीडिया पर तस्वीरों से मचा हड़कंप, सरकार ने तुरंत की सख्त कार्रवाई
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // राज्य सरकार ने पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी आईजी IPS रतन लाल डांगी को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई उनके आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद की गई है, जिससे प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि IPS रतन लाल डांगी का आचरण उनके पद की गरिमा के अनुरूप नहीं पाया गया। उन पर पद के प्रभाव का दुरुपयोग करने और स्थापित सामाजिक व नैतिक मानकों के उल्लंघन के आरोप लगे हैं। मामले ने तूल तब पकड़ा जब उनकी गतिविधियां सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हुईं, जिससे पुलिस विभाग की छवि प्रभावित हुई। इसी आधार पर उनके खिलाफ अखिल भारतीय सेवा (आचरण) नियम 1968 के तहत कार्रवाई प्रस्तावित की गई है और विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
जारी आदेश के अनुसार निलंबन अवधि के दौरान रतन लाल डांगी का मुख्यालय पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा और बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। शासन की इस कार्रवाई को प्रशासनिक अनुशासन बनाए रखने की दिशा में एक सख्त और आवश्यक कदम माना जा रहा है।




