भक्ति में लीन दिखे सीएम मोहन यादव: अंगारेश्वर महादेव के दर पर परिवार संग किया अभिषेक

उज्जैन ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार सुबह धार्मिक नगरी उज्जैन पहुंचे, जहां उन्होंने श्री अंगारेश्वर महादेव मंदिर में विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा-अर्चना की।
मुख्यमंत्री अपने परिवार के साथ प्रातःकाल मंदिर पहुंचे और पंचामृत से अभिषेक करते हुए भगवान महादेव का पूजन किया। इस दौरान मंदिर परिसर में “हर-हर महादेव” के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया।
पूजन-अर्चना के बाद सीएम ने प्रदेशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने भगवान शिव से मध्यप्रदेश के विकास और खुशहाली के लिए आशीर्वाद भी मांगा। यह दौरा पूरी तरह उनकी व्यक्तिगत आस्था और धार्मिक श्रद्धा से जुड़ा रहा।
उल्लेखनीय है कि उज्जैन स्थित श्री अंगारेश्वर महादेव मंदिर का विशेष धार्मिक महत्व है, जहां हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे।



