प्यार और विवाद ने लिया खौफनाक मोड़: रानीदहरा जलप्रपात में महिला की हत्या, प्रेमी गिरफ्तार

कवर्धा ( शिखर दर्शन ) // कबीरधाम जिले के बोड़ला थाना क्षेत्र स्थित रानीदहरा जलप्रपात में मिली महिला की लाश के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। आरोपी देवेंद्र जयसवाल को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में यह मामला प्रेम संबंध और आपसी विवाद से जुड़ा पाया गया है।
मृतका और आरोपी की पहचान
- मृतका: सुखमति बाई बैगा (24 वर्ष), ग्राम बाकल, जिला मुंगेली
- आरोपी: देवेंद्र जयसवाल, ग्राम दरवाजा
जांच में सामने आया कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोपी महिला से शादी करना चाहता था, लेकिन महिला पहले से शादीशुदा और दो बच्चों की मां होने के कारण तैयार नहीं थी।
दिल्ली भागने की कोशिश, फिर पैसे की मांग पर विवाद
बताया गया कि दोनों पहले एक बार दिल्ली भाग चुके थे, लेकिन महिला के कहने पर लौट आए। इसके बाद महिला ने आरोपी से दूरी बनाना शुरू कर दी और कथित रूप से 10 लाख रुपये की मांग की। पैसे न देने पर उसने दुष्कर्म का मामला दर्ज कराने की धमकी भी दी।
हत्या की योजना और अंजाम
नाराज आरोपी ने 16 मार्च को महिला को घुमाने के बहाने रानीदहरा जलप्रपात ले जाकर गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को पत्थर बांधकर पानी में फेंक दिया।
मोबाइल लोकेशन से पुणे में गिरफ्तार
घटना के तीन दिन बाद, 19 मार्च को पर्यटकों ने जलप्रपात में शव देखा और पुलिस को सूचना दी। साइबर सेल की मदद से मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी को पुणे से गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।



