छत्तीसगढ़ में बढ़ेगा तापमान, तेज हवाओं के साथ बारिश के भी आसार

4 दिनों में 2-3 डिग्री बढ़ेगा पारा, 27 मार्च को बारिश और गरज-चमक की संभावना
रायपुर // ( शिखर दर्शन ) //
छत्तीसगढ़ में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अभी अधिकतम तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री सेल्सियस कम है, जिससे लोगों को हल्की राहत मिल रही है।
हालांकि, अगले चार दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना जताई गई है। इसके बाद मौसम में विशेष बदलाव नहीं होगा, लेकिन गर्मी का असर धीरे-धीरे बढ़ेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से 27 मार्च को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। इससे अस्थायी रूप से तापमान में गिरावट भी देखने को मिल सकती है।
प्रदेश में तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो राजनांदगांव में सबसे अधिक 38.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 17.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। इससे दिन और रात के तापमान में स्पष्ट अंतर बना हुआ है।
मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के बीच सतर्क रहने और गर्मी बढ़ने की स्थिति में आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।



