सीएम साय का आज बलौदाबाजार दौरा, योजनाओं की सौगात के साथ ट्राइबल गेम्स का होगा आगाज

बर्ड फ्लू पर अलर्ट, कांग्रेस का ‘गांव पहुंच अभियान’ तेज, प्लास्टिक बोतलों में शराब बेचने के फैसले का विरोध
रायपुर // ( शिखर दर्शन ) //
छत्तीसगढ़ में आज कई अहम गतिविधियां एक साथ देखने को मिलेंगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बलौदाबाजार जिले के दौरे पर रहेंगे, जहां वे दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत हितग्राहियों को आर्थिक सहायता राशि वितरित करेंगे। मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से रवाना होकर चक्रपाणि शुक्ल स्कूल मैदान पहुंचेंगे, जहां बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रहेगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री रायपुर में आयोजित “खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026” का भी उद्घाटन करेंगे। साइंस कॉलेज ग्राउंड में होने वाले इस आयोजन में प्रदेशभर के आदिवासी खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा सहित सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
वहीं, प्रदेश की राजनीति में भी हलचल तेज है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ‘गांव पहुंच अभियान’ के जरिए संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं। सरगुजा प्रवास के दौरान उन्होंने बताया कि प्रदेश में करीब 27 हजार बूथ कमेटियां और 15 हजार से अधिक पंचायत एवं वार्ड कमेटियों का गठन किया जाएगा। इस अभियान के तहत वे लगातार गांवों का दौरा कर रहे हैं और कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित कर रहे हैं।
इधर, बिलासपुर जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। कोनी क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है और आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया गया है। कलेक्टर और एसएसपी ने देर रात मौके का निरीक्षण कर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। प्रभावित क्षेत्र में सैंपलिंग, संक्रमित पक्षियों की कुलिंग और निगरानी का कार्य तेज कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
राजधानी रायपुर में शराब को प्लास्टिक बोतलों में बेचने के फैसले का विरोध भी तेज हो गया है। छत्तीसगढ़ बोतल संघ ने इस निर्णय को व्यापारियों के लिए नुकसानदायक बताते हुए आबकारी कमिश्नर से मुलाकात कर अपनी आपत्तियां दर्ज कराने की बात कही है। संघ का कहना है कि कांच की बोतलों का बड़ा स्टॉक फंस गया है, जिससे आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है।
धार्मिक दृष्टि से भी आज का दिन विशेष है। चैत्र नवरात्रि के सप्तमी और अष्टमी के अवसर पर रायपुर के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। मंदिरों में सुबह से ही पूजा-अर्चना और कन्या पूजन का सिलसिला जारी है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
वहीं रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए दुर्ग-हटिया द्वि-साप्ताहिक सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन को नियमित एक्सप्रेस के रूप में चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन 2 अप्रैल से नए नंबर 18641/18642 के साथ सप्ताह में दो दिन संचालित होगी, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।



