मध्यप्रदेश

आज से एमपी बोर्ड 10वीं परीक्षा का आगाज़, पहले दिन उर्दू का पेपर; 9 लाख से ज्यादा परीक्षार्थी, कड़ी निगरानी में होगी परीक्षा

भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्य प्रदेश में आज से कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं प्रारंभ हो गई हैं। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (एमपीबीएसई) द्वारा आयोजित हाई स्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा का पहला प्रश्नपत्र उर्दू विषय का है, जो सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। परीक्षार्थियों को सुबह 8:30 बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य किया गया है, ताकि प्रवेश और अन्य औपचारिकताएं समय पर पूरी की जा सकें।

इस वर्ष 10वीं बोर्ड परीक्षा में प्रदेशभर से 9 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल हो रहे हैं। राज्य के हजारों परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, साथ ही फ्लाइंग स्क्वॉड की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। नकल रोकने के लिए मोबाइल जैमर और अन्य हाईटेक उपकरणों का भी उपयोग किया जा रहा है।

बोर्ड द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा के पहले दो घंटों में किसी भी छात्र को परीक्षा कक्ष से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी। अनुचित साधनों के उपयोग या किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर परीक्षा निरस्त करने जैसी सख्त कार्रवाई की जा सकती है।

गौरतलब है कि कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं पहले ही 10 फरवरी 2026 से शुरू हो चुकी हैं। 10वीं की परीक्षाएं 13 फरवरी से 6 मार्च 2026 तक संचालित होंगी। हाल ही में जारी संशोधित समय-सारणी के अनुसार हिंदी विषय की परीक्षा 6 मार्च को आयोजित की जाएगी।

बोर्ड ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे समय का विशेष ध्यान रखें, एडमिट कार्ड सहित सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लाएं और शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में परीक्षा दें।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!