मध्यप्रदेश

किसानों से संवाद से लेकर बागेश्वर धाम तक: सीएम डॉ. मोहन यादव का छतरपुर-दमोह दौरा, 1 मई से डिजिटल जनगणना का आगाज, शहडोल में कांग्रेस की जनाक्रोश रैली आज

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आज छतरपुर और दमोह जिले का महत्वपूर्ण दौरा है। वे किसानों से सीधा संवाद करेंगे, नोहलेश्वर महोत्सव में भाग लेंगे और इसके बाद बागेश्वर धाम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं राजधानी भोपाल में जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर राज्य स्तरीय प्रशिक्षण सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। दूसरी ओर शहडोल में कांग्रेस की ओर से बड़ी जनाक्रोश रैली का आयोजन किया गया है।

नोहलेश्वर महोत्सव में किसान सम्मेलन, कृषि प्रदर्शनी का अवलोकन

मुख्यमंत्री सुबह भोपाल से रवाना होकर दमोह जिले के ग्राम देवरी हरदुआ (नोहटा क्षेत्र) पहुंचेंगे। यहां नोहलेश्वर महोत्सव के अंतर्गत आयोजित किसान सम्मेलन में वे किसानों से सीधा संवाद करेंगे, उनकी समस्याएं सुनेंगे और सरकार की किसान कल्याण योजनाओं की जानकारी देंगे।

महोत्सव परिसर में आयोजित कृषि प्रदर्शनी और मेले का भी मुख्यमंत्री अवलोकन करेंगे। इस दौरान कृषि नवाचार, आधुनिक तकनीक और योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी।

बागेश्वर धाम में स्थानीय कार्यक्रम में सहभागिता

दमोह से दोपहर करीब 3 बजे मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से छतरपुर जिले के बागेश्वर धाम (ग्राम गढ़ा) के लिए रवाना होंगे। यहां वे स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम में सामाजिक सरोकार से जुड़े आयोजन, जैसे जरूरतमंद परिवारों की कन्याओं के सामूहिक विवाह, शामिल हो सकते हैं।

शाम 5 बजे वे बागेश्वर धाम से हेलीकॉप्टर द्वारा खजुराहो एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से शाम 5:20 बजे विमान द्वारा भोपाल लौटेंगे।


1 मई से प्रदेश में डिजिटल जनगणना का पहला चरण

प्रदेश में जनगणना 2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं। राजधानी भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कॉन्फ्रेंस आयोजित की जा रही है, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे।

इस कार्यक्रम में प्रदेश के सभी 55 कलेक्टर, 12 संभागायुक्त और 16 नगर निगम आयुक्त भाग ले रहे हैं। रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया की उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में डिजिटल जनगणना की प्रक्रिया और कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा होगी।

1 मई 2026 से 30 मई 2026 तक मकान सूचीकरण और मकान गणना का पहला चरण चलेगा। इसके बाद फरवरी 2027 में दूसरे चरण के तहत जनसंख्या गणना की जाएगी। पूरी प्रक्रिया इस बार डिजिटल माध्यम से संपन्न होगी।


शहडोल में कांग्रेस की जनाक्रोश रैली

मध्य प्रदेश के शहडोल में आज कांग्रेस की विशाल जनाक्रोश रैली और विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी इसमें शामिल होंगे।

रैली में दूषित पेयजल, बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं और अवैध रेत उत्खनन जैसे मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज उठाई जाएगी।

हाल ही में मुख्यमंत्री के शहडोल दौरे के दौरान काले झंडे दिखाने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हुई कार्रवाई को लेकर भी पार्टी आक्रामक है। कार्यकर्ताओं ने लाठीचार्ज और गिरफ्तारी के आरोप लगाए हैं, जिनमें एक नाबालिग छात्र को जेल भेजे जाने का मामला भी चर्चा में रहा।

दोपहर 3 बजे जीतू पटवारी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार पर दमन और तानाशाही के आरोप लगाएंगे तथा आगे की रणनीति की घोषणा करेंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!