मध्यप्रदेश

नई नवेली बहू की पहली यात्रा में मौत से हुआ सामना: चलती CNG कार में लगी भीषण आग, ड्राइवर की सूझबूझ से ऐसे बचीं जान

शादी की खुशियों के बीच बड़ा हादसा टला: CNG अर्टिगा में लगी भीषण आग, ड्राइवर की सूझबूझ से 6 लोगों की जान बची

शहडोल ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब शादी के बाद पहली बार बहू को मायके से ससुराल ला रही एक CNG अर्टिगा कार में अचानक आग लग गई। यह घटना शहडोल चौपाटी के पास सरावगी पेट्रोल पंप के समीप हुई, जहां चलती कार से धुआं और आग की लपटें उठती देख लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

जानकारी के अनुसार, शहडोल जिला मुख्यालय की पुरानी बस्ती निवासी रामजी गुप्ता के बेटे की करीब तीन माह पूर्व देवसर में शादी हुई थी। शादी के बाद पहली बार बहू की विदाई कराकर परिवार के सदस्य शहडोल लौट रहे थे। इसके लिए उन्होंने शहडोल स्थित विराट कैब की एक CNG अर्टिगा कार किराए पर ली थी। कार में चालक सहित कुल छह लोग सवार थे, जिनमें नई नवेली बहू भी शामिल थी।

जैसे ही वाहन शहडोल चौपाटी के पास सरावगी पेट्रोल पंप के नजदीक पहुंचा, तभी अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण कार में आग लग गई। कुछ ही क्षणों में आग ने विकराल रूप ले लिया। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी को सड़क किनारे रोका और सभी सवारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। चालक की इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया और सभी की जान बच गई।

हालांकि देखते ही देखते कार पूरी तरह आग की चपेट में आ गई और जलकर खाक हो गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह नष्ट हो चुका था। घटना के दौरान सड़क पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और कई लोग इस भयावह दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए।

घटना के बाद कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन शादी की खुशियों के बीच हुई इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!